Monday , September 23 2024

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में धूमधाम से मनाया जा रहा दीपावली का पर्व…

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में धूमधाम से मनाया जा रहा दीपावली का पर्व…

मेरठ, । कोरोना आपदा के कारण दो साल बाद दीपावली का त्योहार इस बार पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। पटाखों पर प्रतिबंध के कारण पुलिस प्रशासन पूरी सख्ती बरत रहा है। शाम छह बजकर 55 मिनट पर दीपावली पूजन का समय है।

पश्चिम उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में दो साल बाद दीपावली की चमक दिखाई दे रही है। बाजारों में उमड़ी भीड़ से व्यापारियों के चेहरे खिले हुए हैं। उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश के प्रांतीय मीडिया प्रभारी विजय मान का कहना है कि दो साल बाद बाजार में रौनक आई है। लोगों ने दीपावली के त्योहार पर जमकर खरीददारी की है। रंग-बिरंगी लाइटें, कंडील, सजावट के सामान, रंगोली बनाने के सामान आदि सामान की जमकर बिक्री हुई है। ज्योतिषाचार्य संजीव कात्यायन का कहना हे कि दीपावली पूजन का श्रेष्ठ समय शाम को छह बजकर 55 मिनट से रात आठ बजकर 51 मिनट तक है। इस दौरान लक्ष्मी और गणेश जी का पूजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूरे परिवार के साथ मिलकर लक्ष्मी मां का पूजन करने से लाभ होगा। दीपावली के अगले दिन मंगलवार को सूर्यग्रहण है। इस सूर्य ग्रहण का पूरे देश में असर दिखाई देगा। सूर्यग्रहण लगने के कारण गोवर्धन पूजा दीपावली के अगले दिन ना होकर बुधवार को होगी। सूर्य ग्रहण का समय लगभग दो घंटे रहेगा।

पुलिस ने पकड़े डेढ़ लाख के पटाखे : देहली गेट पुलिस ने वैली बाजार में स्कूटी सवार मुजफ्फनगर निवासी सोनू और विभोर को गिरफ्तार करके लगभग डेढ़ लाख रूपए कीमत के पटाखे बरामद किए। देहली गेट इंस्पेक्टर ऋषिपाल सिंह ने बताया कि बैली बाजार चौकी इंचार्ज गजेंद्र सिंह वाहनों की चेकिंग के दौरान ये पटाखे पकड़े।

सियासी मियार की रिपोर्ट