मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव जीतकर शाक्य रामराज की शुरुआत करेंगे: योगी..

मैनपुरी, 02 दिसंबर। उत्तर प्रदेश में मैनपुरी के क्रिश्चियन स्कूल के मैदान में शुक्रवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य चुनाव जीतकर रामराज्य की शुरुआत करेंगे।
श्री योगी ने अपने भाषण की शुरुआत मैनपुरी की पावन धरा को नमन कर की। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि मैनपुरी ने सदैव नया इतिहास बनाया है। यह धरती ऋषि-मुनियों की परंपरा से जुड़ी है। भारतीय सनातन संस्कृति में हमेशा पूज्यनीय रही है।
उन्होंने कहा कि मैनपुरी को समाजवाद नहीं रामराज चाहिए, सैफई परिवार का समाजवाद जेपी और राम मनोहर लोहिया का समाजवाद नहीं है, सैफई परिवार में शिवपाल सिंह यादव का समाजवाद जिसकी लाठी उसकी भैंस वाला अखिलेश यादव का समाजवाद अवसरवादी और रामगोपाल यादव का समाजवाद पूरे प्रदेश में अपने लोगों को नौकरी देने का समाजवाद है।
श्री योगी ने कहा कि लोकसभा मैनपुरी उपचुनाव में समाजवादी पार्टी ने हार मान ली है और समाजवादी पार्टी चुनाव आयोग में शिकायतें कर चुनाव के बाद जनता के सामने हार का ठीकरा पुलिस और प्रशासन के सर पर फोड़ने की भूमिका तैयार कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा का गढ़ समझे जाने वाले आजमगढ़ को ध्वस्त करने के बाद अब मैनपुरी की बारी है। मैनपुरी में इस बार लोग भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य को जिताने के लिए भारी समर्थन कर रहे हैं। प्रदेश सरकार ने कानून का राज स्थापित किया है। गुंडे-माफियाओं की जगह जेल में है। किसी को कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। उत्तर प्रदेश में हर क्षेत्र में विकास हो रहा है।
सियासी मियार की रिपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal