Monday , September 23 2024

खतौली उपचुनाव: रालोद प्रत्याशी मदन भैया की जीत, भाजपा से छिनी सीट..

खतौली उपचुनाव: रालोद प्रत्याशी मदन भैया की जीत, भाजपा से छिनी सीट..

मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश), 08 दिसंबर। उत्तर प्रदेश की खतौली विधानसभा सीट के उपचुनाव में समाजवादी पार्टी गठबंधन के सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल के प्रत्याशी मदन भैया ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजकुमारी सैनी को 22143 मतों से हराकर भाजपा से यह सीट छीन ली।

चुनाव आयोग द्वारा घोषित परिणाम के मुताबिक मदन भैया को 97 हजार 139 मत मिले जबकि राजकुमारी को 74 हजार 996 वोट हासिल हुए। हार-जीत का अंतर 22 हजार 143 मतों का रहा।

इसके साथ ही राज्य विधानसभा में राष्ट्रीय लोकदल के विधायकों की संख्या बढ़कर नौ हो गयी है।

खतौली सीट भाजपा विधायक विक्रम सिंह सैनी को मुजफ्फरनगर दंगों से जुड़े एक मामले में सजा सुनाये जाने के कारण उनकी सदस्यता रद्द होने के चलते रिक्त हुई थी।

भाजपा ने इस सीट पर उनकी पत्नी राजकुमारी सैनी को उम्मीदवार बनाया था। यह सीट सपा गठबंधन के सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल को मिली थी, जिसने यहां मदन भैया को प्रत्याशी बनाया था।

मतगणना की शुरुआत से ही राष्ट्रीय लोकदल प्रत्याशी ने मजबूत बढ़त बना ली थी जो अंत तक बरकरार रही।

सियासी मियार की रिपोर्ट