Monday , September 23 2024

पेरू की राष्ट्रपति ने चुनाव कराने की प्रदर्शनकारियों की मांग स्वीकार की..

पेरू की राष्ट्रपति ने चुनाव कराने की प्रदर्शनकारियों की मांग स्वीकार की..

लीमा, 13 दिसंबर। पेरू की राष्ट्रपति डिना बोलुआर्टे ने देश में चुनाव कराने की प्रदर्शनकारियों की मांग मानने की सोमवार को घोषणा की।

बोलुआर्टे के इस्तीफे की मांग को लेकर हजारों प्रदर्शनकारी सड़क पर उतर आए थे, जिसके बाद राष्ट्रपति ने टेलीविजन पर प्रसारित राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा कि वह चुनाव कराने के लिए कांग्रेस को प्रस्ताव भेजेंगी।

बोलुआर्टे की इस घोषणा के बावजूद प्रदर्शनकारी शांत नहीं हुए। उनके संबोधन के कुछ घंटों बाद प्रदर्शनकारियों ने दक्षिणी पेरू में एक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक जाने के मार्ग को अवरुद्ध कर दिया और उसके ‘रनवे’ पर एकत्रित हो गए।

बोलुआर्टे ने घोषणा में कहा कि वह अप्रैल 2024 के लिए आम चुनाव का प्रस्ताव रखेंगी, जबकि इससे पहले उन्होंने कहा था कि उन्हें उनके पूर्ववर्ती राष्ट्रपति पेड्रो कैस्टिलो के शेष साढ़े तीन साल के कार्यकाल के लिए पद पर बने रहना चाहिए।

इससे पहले, अधिकारियों ने बताया था कि प्रदर्शन के दौरान रविवार को आंदेज समुदाय के कम से कम दो लोगों की मौत हो गई।

कैस्टिलो को बुधवार को देश के राष्ट्रपति पद से हटा दिया गया था। इसके बाद उपराष्ट्रपति के रूप में सेवाएं दे रहीं बोलुआर्टे को देश का नया राष्ट्रपति नियुक्त किया गया था।

सियासी मियार की रिपोर्ट