मध्य प्रदेश में आज से स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के डॉक्टरों की बेमियादी हड़ताल…

भोपाल/रायसेन, 17 फरवरी मध्यप्रदेश में स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग के डाक्टरों की आज से बेमियादी हड़ताल का पूरे प्रदेश में असर देखा जा रहा है। डाक्टरों की हड़ताल की वजह से शासकीय अस्पतालों में सन्नाटा पसरा है।
मध्यप्रदेश चिकित्सक महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ माधव हसानी ने यूनीवार्ता को बताया कि हड़ताल का पूरे प्रदेश में शत प्रतिशत असर है। उनका कहना है कि सरकार को मांगों को लेकर डेढ़ माह से बताया जा रहा है। जितनी देर से सरकार समस्या के समाधान के लिए पहल करेगी हड़ताल उतनी लंबी चलेगी।
उन्होंने कहा की मांगे नहीं मानी जाने तक हड़ताल जारी रहेगी। भोपाल के जय प्रकाश अस्पताल में आयुष और प्रशिक्षु डाक्टरों ने काम संभाला हैं। हमीदिया अस्पताल में 70 से ज्यादा सीनियर रेसिडेंट डॉक्टर मरीजों के इलाज के लिया लगाए गए हैं। वहीं, कुछ अस्पतालों में सुरक्षाकर्मी ओपीडी में आने वाले मरीजों को गेट से ही वापस लौटाते नजर आए। रायसेन जिला मुख्यालय के जिला अस्पताल में सुबह नौ बजे ओपीडी शुरू होती है। लेकिन अस्पताल में डाक्टर के चेंबर खाली नजर आए।
डाॅ एम एल अहिरवार ने बताया कि मांगे पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी। यही हाल प्रदेश के अधिकांश जिलों के अस्पतालों के हैं। इस मामले में सरकार का कहना है कि डाक्टरों की ज्यादातर मांगें पहले ही मानी जा चुकी हैं, इसके बाद भी उनकी हठधर्मिता जारी है।
स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग सूत्रों का कहना है की डाक्टरों की 2008 की रिकवरी, पदोन्नति, संवर्ग का मुद्दा हल हो चुका है। संवर्ग बना दिया गया है, जिससे नियमित पदोन्नति होती रहे। रिकवरी नहीं की जा रही है। इसके बाद भी डाक्टर जबरन हड़ताल पर हैं। बताया जा रहा है सरकार इस मामले में सख्त है और डाक्टरों ने हड़ताल खत्म नहीं की तो सरकार अत्यावश्यक सेवा प्रबंधन अधिनियम (एस्मा) भी लगा सकती है।
सियासी मीयार की रिपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal