Saturday , September 21 2024

इंडिगो नवंबर के मध्य में 12 घरेलू मार्गों पर ‘बिजनेस क्लास’ सीट की सेवाएं करेगी पेश..

इंडिगो नवंबर के मध्य में 12 घरेलू मार्गों पर ‘बिजनेस क्लास’ सीट की सेवाएं करेगी पेश..

नई दिल्ली, । विमानन कंपनी इंडिगो नवंबर के मध्य में 12 घरेलू मार्गों पर उड़ानों में ‘बिजनेस क्लास’ सीट की सेवा शुरू करेगी।

इंडिगो उड़ान सेवा के 18 वर्ष पूरे होने के अवसर पर राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को आयोजित एक कार्यक्रम में एयरलाइन के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पीटर एल्बर्स ने यह बात कही।

एल्बर्स ने कहा कि सीट के लिए बुकिंग मंगलवार से शुरू होगी।

उन्होंने कहा कि ‘बिजनेस क्लास’ सीट की सेवाएं व्यस्ततम मार्गों के साथ-साथ व्यावसायिक मार्गों पर भी उपलब्ध होंगी जिनमें राष्ट्रीय राजधानी से चुनिंदा उड़ानें भी शामिल हैं।

सीईओ ने कहा कि नवंबर के मध्य से 12 घरेलू मार्गों पर ‘बिजनेस क्लास’ सीट की सेवा उपलब्ध होंगी।

वर्तमान में, टाटा समूह के स्वामित्व वाली एअर इंडिया, एअर इंडिया एक्सप्रेस और विस्तारा बिजनेस क्लास सीट की सेवाएं प्रदान करती हैं।

एल्बर्स ने यह भी कहा कि एयरलाइन चालू वित्त वर्ष 2024-25 में सात और अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए उड़ानें शुरू करेगी।

वर्तमान में, इंडिगो प्रतिदिन 2,000 से अधिक उड़ानें संचालित करती है और 33 विदेशी शहरों सहित करीब 120 गंतव्यों के लिए सेवाएं उपलब्ध कराती है।

उन्होंने कहा , ‘‘इंडिगो चालू वित्त वर्ष के अंत से पहले सात नए अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए उड़ान सेवा शुरू करेगी। ’’

वित्त वर्ष 2024-25, 31 मार्च 2025 को समाप्त होगा।

सियासी मियार की रीपोर्ट