मकान में आग से पति-पत्नी और बच्चे झुलसे…

नई दिल्ली, 03 अप्रैल। खजूरी खास में रविवार तड़के एक घर में भीषण आग लग गई। इस दौरान घर में सो रहे पति-पत्नी और उनके दो बच्चे झुलस गए। चारों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। हालांकि अभी आग लगने का कारण पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस केस दर्ज कर जांच में जुटी है।
43 वर्षीय खेमराज खजूरी खास के सादतपुर एक्सटेंशन में रहते हैं। उनका दो मंजिला मकान है। परिवार में पिता लखपत सिंह, मां गायत्री देवी, पत्नी 38 वर्षीय ममता, 10 बर्षीय बेटा मयान और बेटी प्रतीक है। खेमराज पत्नी व बच्चों के साथ दूसरी मंजिल पर रहते हैं, जबकि माता-पिता दूसरी मंजिल पर रहते हैं। खेमराज का गांधी नगर मार्केट में कपड़ों का कारोबार है। रविवार तड़के 4:30 बजे अचानक दूसरी मंजिल पर आग लग गई। खेमराज परिवार के साथ कमरे में फंस गए। वे पत्नी व बच्चों को बाहर निकालने में जुट गए लेकिन इस कोशिश में सभी झुलस गए। पड़ोसी अरुण कश्यप ने सुबह 4:35 बजे पुलिस व अग्निशमन विभाग को सूचना दी। दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से झुलसे खेमराज, उनकी पत्नी ममता, बेटा मयान और बेटी प्रतीक को जग प्रवेश चंद अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें लोकनायक अस्पताल रेफर कर दिया गया। बेटी प्रतीक की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट या मंदिर में जल रहे दीये से आग लगने की आशंका जाहिर की जा रही थी। लेकिन, बाद में एसडीएम ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवार से बात की तो खेमराज की पत्नी ममता ने सास-ससुर पर आरोप लगाए। ममता का कहना था कि उसके पति और ससुर के बीच संपत्ति विवाद चल रहा है। संपत्ति हासिल करने के लिए सास-ससुर ने घर में आग लगाई है। पुलिस केस दर्ज कर सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना देने वाले पड़ोसी अरुण कश्यप ने बताया कि वह रविवार तड़के तीन बजे राजस्थान से दिल्ली अपने घर पहुंचे थे। वह सोने की तैयारी कर रहे थे, तभी खेमराज के मकान से आग की लपटें निकलती दिखी। इलाके में धुआं भरने लगा। आसपास के लोग अपने घरों से बाहर आ गए। इलाके में अफरातफरी का माहौल हो गया। लोगों को डर था कि आग पर जल्दी काबू नहीं पाया गया तो यह मोहल्ले में फैल सकती है। दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया, तब लोगों ने राहत की सांस ली।
सियासी मियार की रिपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal