किठौर क्षेत्र में तेंदुए का खौफ, खेतों में जाने से बच रहे किसान…

मेरठ, 04 अप्रैल । मेरठ जनपद में फिर से तेंदुए का खौफ व्याप्त हो गया है। अब किठौर क्षेत्र में खेतों में तेंदुए का शावक मिलने से लोगों में भय व्याप्त हो गया है। वन विभाग शावक के जरिए मादा तेंदुए की खोज में जुटा है।
पिछले महीने जिले के पल्लवपुरम क्षेत्र में एक तेंदुआ घर में घुस आया था। काफी जद्दोजहद के बाद वन विभाग ने उस तेंदुए को पकड़ कर शिवालिक वन रेंज में छुड़वाया था। अब किठौर क्षेत्र में तेंदुए का आतंक बना हुआ है। क्षेत्र के भगवानपुर बांगर गांव में तेंदुए की दस्तक से किसानों में खौफ है। किसानों को खेत में तेंदुए का शावक मिला है। वन विभाग की टीम इस शावक के जरिए तेंदुए तक पहुंचने के प्रयास में जुटी है। उधर जंगल में तेंदुआ होने की सूचना से किसान खेतों में जाने से बच रहे हैं।
वन्य विशेषज्ञों का कहना है कि शावक के शरीर पर मनुष्य की अंगुलियों की गंध पाकर मां बच्चे को छोड़ देती है। ऐसा करके वह खुद को पकड़ने से बचाती है। शावक के नहीं मिलने पर मादा तेंदुआ खतरनाक हो सकता है। डीएफओ राजेश कुमार का कहना है कि शावक के जरिए मादा तेंदुए तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रामीणों को सतर्क कर दिया गया है।
सियासी मियार की रिपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal