महिलाओं को और सशक्त बनाना सबकी जिम्मेदारी : मोदी…

नई दिल्ली, 15 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि देश में महिलाएं कितनी शक्तिशाली हैं इसको हमारा पूरा समाज पहचान गया है और अब महिलाएं केवल बढ़ती अर्थव्यवस्था की लाभार्थी ही नहीं हैं बल्कि नारी शक्ति देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका भी निभा रही हैं।
श्री मोदी ने लाल किले की प्राचीर से 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश में महिलाओं की शक्ति को हर कोई पहचान रहा है। देश की महिलाएँ आज न केवल हमारी बढ़ती अर्थव्यवस्था की लाभार्थी हैं बल्कि ‘नारीशक्ति’, ‘मातृशक्ति’ और ‘स्त्रीशक्ति’ भी इसके विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहीं हैं।
उन्होंने कहा कि स्टार्टअप से लेकर अंतरिक्ष क्षेत्र तक और खेल से लेकर रक्षा क्षेत्र तक आज देश की बेटियाँ हर क्षेत्र में चमक रही हैं और हमारे सम्मान के प्रतीक हमारे तिरंगे की शान बन रही हैं। उनका कहना था कि भारतीय रक्षा अकादमी की महिला कैडेटों के पहले बैच के उत्तीर्ण होने पर पूरा देश गर्व से भर गया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि महिलाएं खुद अपना रोजगार पैदा कर रही हैं। वे अब किसी पर निर्भर नहीं हैं और स्वयं सहायता समूह के जरिए खुद को मजबूत बना रही हैं। उनका कहना था कि 10 करोड़ महिलाएं सेल्फ हेल्प ग्रुप से जुड़ी हैं जबकि दो करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य तय किया गया है।
श्री मोदी ने कहा, “महिलाओं की सुरक्षा और उन्हें सम्मान देना आवश्यक है इसलिए राज्यों को महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। मैं आज लाल किले से एक बार फिर अपनी पीड़ा व्यक्त करना चाहता हूँ, एक समाज के रूप में हमें महिलाओं के खिलाफ हो रहे अत्याचारों के बारे में गंभीरता से सोचना होगा-देश में इसके खिलाफ आक्रोश है, मैं इस आक्रोश को महसूस कर सकता हूँ।”
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal