Sunday , October 11 2026

अखिलेश यादव ने भाजपा पर जयप्रकाश नारायण को कैद करने का आरोप लगाया

अखिलेश यादव ने भाजपा पर जयप्रकाश नारायण को कैद करने का आरोप लगाया

लखनऊ, 11 अक्टूबर । समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने संपूर्ण क्रांति का नारा देने वाले नेता लोकनायक जयप्रकाश नारायण की रविवार को 115वीं जयंती से पहले यहां स्थित जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (जेपीएनआईसी) की सुरक्षा बढ़ाए जाने के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर लोकनायक को कैद करने का आरोप लगाया।

जिला प्रशासन ने शनिवार को लखनऊ स्थित जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (जेपीएनआईसी) की सुरक्षा बढ़ा दी थी। इस सेंटर के बाहर भारी अपरोधक लगाए गए हैं, जबकि इसके गेट पर ऊंचे टिन शेड स्थापित किए गए हैं। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया है।

अक्टूबर, 2023 में यादव को उक्त परिसर में प्रवेश देने से मना किए जाने पर वह जेपीएनआईसी के गेट पर चढ़ गए थे और श्रद्धांजलि अर्पित की थी। उस समय प्रशासन ने निर्माण कार्य और सुरक्षा चिंताओं का हवाला दिया था।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव इस परिसर के भीतर स्थित नारायण की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने वहां जा सकते हैं।

सपा प्रमुख ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आजकल वो ही ‘रखवाले’ हैं जिनकी सोच पर लगे ताले हैं। जिन जयप्रकाश नारायण ने स्वतंत्रता का आंदोलन लड़ा, आज भाजपा राज में वो ही क़ैद से कर दिये गये हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘दुनिया में किसी भी दुर्दांत तानाशाह तक ने शायद कभी किसी महापुरुष की जयंती के अवसर पर इस तरह की पाबंदी लगाई हो। भाजपाई तो अंग्रेजों से भी गये गुजरे हैं।’’

जयप्रकाश नारायण की स्मृति में उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 2016 में इस स्मारक का उद्घाटन किया था और तब से यह परिसर सपा और भाजपा के बीच राजनीतिक टकराव का केंद्र रहा है।

सियासी मियार की रीपोर्ट