महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से मिलीं साध्वी ऋतंभरा, सीएम फडणवीस बोले- कारसेवा की यादें ताजा हुई…

मुंबई, 22 दिसंबर । राम मंदिर आंदोलन से जुड़ीं और पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित साध्वी ऋतंभरा ने रविवार को मुंबई स्थित वर्षा निवास पहुंचकर प्रदेश के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
वर्षा निवास में हुई इस मुलाकात के दौरान साध्वी ऋतंभरा और सीएम फडणवीस के बीच लंबे समय तक बातचीत हुई। सीएम फडणवीस ने बताया कि इस मुलाकात के दौरान कार सेवा के दिनों की यादें एक बार फिर से ताजा हो गईं। साध्वी ऋतंभरा को दिदी मां से संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि राम मंदिर आंदोलन में साध्वी ऋतंभरा का योगदान अविस्मरणीय और अमूल्य है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “पद्मभूषण से सम्मानित दीदी मां साध्वी ऋतंभरा मुंबई स्थित वर्षा निवासस्थान पर पधारीं। इस अवसर पर उनका आत्मीय स्वागत कर उनका पावन आशीर्वाद प्राप्त किया। उनके साथ वार्तालाप के दौरान पवित्र कारसेवा के दिनों की स्मृतियां पुनः जीवंत हो उठीं।”
सीएम फडणवीस ने आगे लिखा, “राम मंदिर आंदोलन में उनका योगदान अमूल्य और अविस्मरणीय रहा है। अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर का साकार होना, दीदी मां के त्याग, तपस्या और अथक समर्पण का परिणाम है। राष्ट्र और धर्म के प्रति उनके अद्वितीय योगदान को कोटि-कोटि प्रणाम।”
इससे पहले, साध्वी ऋतंभरा ने शनिवार को केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री गोयल ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस मुलाकात की जानकारी दी। मुलाकात की तस्वीरें पोस्ट करते हुए गोयल ने लिखा, “आज दीदी मां साध्वी ऋतंभरा से आत्मीय भेंट का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उनके स्नेहिल आशीर्वाद से मन कृतज्ञता और ऊर्जा से परिपूर्ण हो गया।”
सियासी मियर की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal