नव वर्ष 2026 : राष्ट्रपति से पीएम मोदी तक नेताओं ने दी शुभकामनाएं, लोकतंत्र-पर्यावरण और सामाजिक न्याय पर दिया जोर

नई दिल्ली, 01 जनवरी। देशभर में नव वर्ष 2026 का स्वागत उल्लास, उम्मीद और सकारात्मक संकल्पों के साथ किया गया। लोग एक-दूसरे को शुभकामनाएं देकर नए साल की शुरुआत कर रहे हैं। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से देशवासियों को नए साल की शुभकामनाएं दीं। नेताओं के संदेशों में खुशहाली, पर्यावरण संरक्षण, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और प्रगति की भावना प्रमुख रही।
राष्ट्रपति का पर्यावरण और आत्मचिंतन पर जोर
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नव वर्ष 2026 के मौके पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, नया साल आत्मचिंतन, सकारात्मक बदलाव और नए संकल्पों का अवसर है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत करने की अपील की और नागरिकों से प्रकृति के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया। राष्ट्रपति ने कहा कि, सामूहिक प्रयासों से ही सतत विकास और बेहतर भविष्य का निर्माण संभव है।
पीएम मोदी ने दी नए साल की शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर देशवासियों को नव वर्ष 2026 की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा कि, आने वाला वर्ष सभी के लिए अच्छा स्वास्थ्य, समृद्धि और सफलता लेकर आए। प्रधानमंत्री ने लोगों के प्रयासों में सफलता, कार्यों में पूर्णता और जीवन में संतुष्टि की कामना की। साथ ही उन्होंने समाज में शांति और खुशहाली के लिए प्रार्थना करने की बात कही।
लिंक्डइन पर पीएम मोदी का विजन
नए साल की पूर्व संध्या पर प्रधानमंत्री मोदी ने लिंक्डइन पर साझा किए गए संदेश में कहा कि, वर्ष 2025 भारत के लिए सुधारों का महत्वपूर्ण काल रहा। उन्होंने बताया कि पिछले 11 वर्षों की उपलब्धियों के आधार पर सुधारों को निरंतर राष्ट्रीय मिशन के रूप में आगे बढ़ाया गया। प्रधानमंत्री के अनुसार, भारत आज वैश्विक मंच पर आशा और आत्मविश्वास का प्रतीक बनकर उभरा है।
राहुल गांधी का संदेश
लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नया साल सभी के जीवन में खुशियां, अच्छा स्वास्थ्य और सफलता लेकर आए। उन्होंने देशवासियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मल्लिकार्जुन खड़गे का आह्वान
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने नव वर्ष 2026 के अवसर पर देशवासियों के नाम संदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि नया साल कमजोर वर्गों के अधिकारों- काम का अधिकार, वोट का अधिकार और गरिमापूर्ण जीवन के अधिकार की रक्षा के लिए जन आंदोलन बने। खड़गे ने युवाओं के लिए रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा, किसानों की समृद्धि और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को सम्मान दिलाने को देश का साझा संकल्प बताया।
अखिलेश यादव का संदेश
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने नव वर्ष संदेश में मानवता, प्रेम और सामाजिक न्याय पर जोर दिया। उन्होंने नए साल को उन सभी “पीडीए प्रहरी” को समर्पित किया, जो लोकतंत्र और संविधान प्रदत्त अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। अखिलेश यादव ने समानता, सम्मान और सौहार्द को मजबूत करने के संकल्प के साथ देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
तमिलनाडु के सीएम एम.के. स्टालिन का संदेश
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने तमिल और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में नव वर्ष का संदेश साझा किया। उन्होंने कहा कि, तमिलनाडु के लोग एकजुट होकर आगे बढ़ रहे हैं और आने वाला वर्ष सामूहिक प्रगति और विकास का वर्ष साबित होगा।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal