Tuesday , January 27 2026

इंग्लैंड अंडर-19 टीम ने भारत को डीएलएस पद्धति से 20 रनों से हराया

इंग्लैंड अंडर-19 टीम ने भारत को डीएलएस पद्धति से 20 रनों से हराया

कप्तान थॉमस रियू (नाबाद 71) और जोसेफ मूर्स (46) की शानदार पारियों के दम इंग्लैंड की टीम ने सोमवार को वर्षा प्रभावित अंडर-19 विश्व कप अभ्यास मुकाबले में भारत को डीएलएस पद्धति से 20 रनों से हरा दिया।

296 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड 34.3 ओवरों में तीन विकेट पर 196 रन बनाये थे कि इसी दौरान बारिश शुरु हो गई। इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने दूसरे ही ओवर में बीजे डॉवकिंस (आठ) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद जोसेफ मूर्स और बेन मेयर्स ने दूसरे विकेट के लिए 77 रन जोड़े। इन दोनों बल्लेबाजों को खिलन पटेल ने आउट किया। जोसेफ मूर्स ने (46) और बेन मेयर्स (34) रन बनाये। खेल राेके जाने के समय कैलेब फाल्कनर (नाबाद 29) और थॉमस रियू (71) रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। भारतीय टीम के लिए खिलन पटेल ने दो विकेट लिये। हेनिल पटेल ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले अभिज्ञान कुंडु (82), कप्तान आयुष म्हात्रे (49), अमब्रिश (48) और कनिष्क चौहान (नाबाद 45) की जूझारू पारियों के दम पर भारत ने इंग्लैंड को जीत के लिए 296 रनों का लक्ष्य दिया। आज यहां भारतीय अंडर-19 टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में आठ विकेट पर 295 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने तीसरे ही ओवर में धाकड़ बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (एक) का विकेट गंवा दिया। इसे बाद वेदांत त्रिवेदी (14), विहान मल्होत्रा (10) रन बनाकर आउट हुये। आयुष म्हात्रे ने 40 गेंदों में चार चौके और चार छक्के उड़ाते हुए 49 रनों की पारी खेली।

एक समय भारत ने 79 के स्कोर पर अपने चार विकेट गंवा दिये थे। ऐसे संकट के समय अभिज्ञान कुंडु और अमब्रिश ने शानदार जूझारू बल्लेबाजी प्रदर्शन करते हुए पांचवें विकेट के लिए 97 रन जोड़े। 33वें ओवर में जेम्स मिंटो ने अमब्रिश को आउट किया। अमब्रिश ने 61 गेंदों में चार चौके लगाते हुए 48 रन बनाये। हरवंश पंगालिया (19) और अभिज्ञान कुंडु भी मिंटो का शिकार बने। अभिज्ञान कुंडु ने 99 गेंदों में पांच चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 88 रनों की पारी खेली। मोहम्मद एनान (एक) का भी मिंटो ने शिकार किया। कनिष्क चौहान में 36 गेंदों में छह चौकों की मदद से नाबाद 45 रन बनाये। खिलन पटेल 11 रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड अंडर-19 के लिए जेम्स मिंटो ने पांच विकेट लिये। सेबेस्तियन मॉर्गन को दो विकेट मिले। मैनी लुम्सडेन ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

सियासी मियार की रीपोर्ट