Tuesday , January 27 2026

यूपी वॉरियर्ज ने मुंबई इंडियंस को 22 रनों हराया

यूपी वॉरियर्ज ने मुंबई इंडियंस को 22 रनों हराया

नवी मुंबई, 19 जनवरी । कप्तान मेग लानिंग (70) और फीबी लिचफील्ड (61) की शानदार बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत यूपी वॉरियर्ज महिला टीम ने शनिवार काे विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के 10वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 22 रनों से जीत दर्ज की।

188 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने यूपी वॉरियर्ज के गेंदबाजी आक्रमण के आगे 69 के स्कोर तक अपने पांच विकेट गंवा दिये। सजीवन सजना (10), हेली मैथ्यूज (13), नेट साइवर ब्रंट (15), निकोला कैरी (छह) और कप्तान हरमनप्रीत कौर 18 रन बनाकर आउट हुई। इसके बाद एमेलिया केर और अमनजोत कौर ने पारी को संभलाने का प्रयास किया। दोनों बल्लेबाजों के बीच छठें विकेट के लिए 83 रनों की साझेदारी हुई।

19वें ओवर में शिखा पांडे ने अमनजोत कौर 24 गेंदों में 41रन को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। मुंबई इंडियंस की टीम निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 165 रन ही बना सकी और 22 रनों से मुकाबला हार गई। एमेलिया केर 28 गेंदों में 49 रन बनाकर नाबाद रही। जी कमालिनी ने नाबाद नौ रन बनाये। यूपी वॉरियर्ज के लिए शिखा पांडे ने दो विकेट लिये। क्रांति गौड़, सोफी एकल्सटन, दीप्ति शर्मा और क्लोई ट्राइऑन ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

आज यहां इससे पहले यूपी वॉरियर्ज ने आठ विकेट पर 187 रनों का स्कोर खड़ा किया। मुंबई इंडियंस महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरी यूपी वॉरियर्ज की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने पहले ही ओवर में किरण नवगिरे (शून्य) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आयी फीबी लिचफील्ड ने मेग लानिंग के साथ पारी को संभाला और तेजी के साथ रन भी बटोरे। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 119 रनों की साझेदारी हुई। 13वें ओवर में अमनजोत कौर ने फीबी लिचफील्ड को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया। फीबी लिचफील्ड ने 37 गेंदों में सात चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए 61 रन बनाये।अगले ही ओवर में हेली मैथ्यूज ने मेग लानिंग को अपना शिकार बना लिया। मेग लानिंग ने 45 गेंदों में 11 चौके और दो छक्के लगाते हुए 70 रनों की पारी खेली।

मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों ने आखिरी दो ओवरों में बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए यूपी वॉरियर्ज को रन बनाने से रोका और विकेट भी झटके। हरलीन देओल ने 16 गेंदों में (25) और क्लोई ट्राइऑन ने 13 गेंदों में 21 रन बनाये। श्वेता सहरावत (शून्य) और सोफी एकल्सटन (एक) रन बनाकर आउट हुयी। पारी की आखिरी गेंद पर एमेलिया केर ने दीप्ति शर्मा (शून्य) को आउटकर 187 रन के स्कोर पर मुंबई इंडियंस के लिए आठवां विकेट झटका। मुंबई इंडियंस के लिए एमेलिया केर को तीन विकेट मिले। नेट साइवर ब्रंट को दो विकेट मिले। निकोला कैरी, हेली मैथ्यूज और अमनजोत कौर ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

सियासी मियार की रीपोर्ट