Saturday , January 31 2026

राकांपा (शरद पवार) गुट नेता जयंत पाटिल का दावा, दोनों गुटों के नेताओं को थी विलय की जानकारी

राकांपा (शरद पवार) गुट नेता जयंत पाटिल का दावा, दोनों गुटों के नेताओं को थी विलय की जानकारी

मुंबई, 31 जनवरी। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल ने शनिवार को एक सनसनीखेज दावा करते हुए कहा कि पार्टी के अजित पवार गुट के वरिष्ठ नेताओं को दोनों गुटों के विलय की योजना के बारे में काफी पहले से जानकारी थी। श्री पाटिल ने यह भी दावा किया कि सर्वश्री प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे और छगन भुजबल जैसे नेता इस पूरी प्रक्रिया से अवगत थे।

सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा एक वीडियो बयान में श्री पाटिल ने कहा कि दोनों गुटों के विलय का निर्णय जनवरी के मध्य में ही अंतिम रूप ले चुका था। उन्होंने दावा किया कि 16 जनवरी को हुई चर्चा में यह तय हुआ था कि आठ फरवरी को होने वाले जिला परिषद चुनावों के बाद इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी। दिल्ली में एक विवाह समारोह में शामिल होने की प्रतिबद्धताओं के कारण हालांकि इस तारीख को बढ़ाकर 12 फरवरी कर दिया गया था।

श्री पाटिल ने यह भी कहा कि अजित पवार ने व्यक्तिगत रूप से अपने गुट के शीर्ष नेताओं को विलय के रोडमैप के बारे में सूचित कर दिया था। श्री पाटिल का यह दावा राकांपा नेता एवं उपमुख्यमंत्री अजित पवार के आकस्मिक निधन के कुछ दिनों बाद आया है। इस बयान के बाद से राज्य की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। उनके मुताबिक, पार्टी के भीतर हुए हालिया राजनीतिक उथल-पुथल से बहुत पहले ही पुनर्मिलन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हो चुकी थी।

ताजा घटनाक्रम तब सामने आया जब राकांपा के शरद पवार गुट के वरिष्ठ नेताओं ने बारामती में पार्टी प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की। इस उच्च स्तरीय बैठक में सांसद सुप्रिया सुले, विधायक रोहित पवार और युगेंद्र पवार सहित कई दिग्गज नेता मौजूद थे। हालांकि, इस बंद कमरे में हुई बैठक का आधिकारिक विवरण साझा नहीं किया गया है लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे नेतृत्व परिवर्तन और पार्टी की भविष्य की रणनीति के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।