पशु दुष्कर्म के बाद दामजीपुरा में हिंसा, भारी पुलिस बल तैनात

बैतूल, 02 फरवरी। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के दामजीपुरा गांव में पशु के साथ दुष्कर्म का कथित वीडियो वायरल होने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और देखते ही देखते हिंसा भड़क उठी।
रविवार को हुए इस मामले में गांव के बाजार में कई दुकानें बंद रहीं। कुछ स्थानों पर आगजनी और तोड़फोड़ के निशान मिले। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया और कुछ प्रदर्शनकारियों ने दुकानों, वाहनों और घरों में तोड़फोड़ व आगजनी की। एक महिला ने आरोप लगाया कि पुलिस बाद में मौके पर पहुंची, हालांकि प्रशासन ने स्थिति पर जल्द नियंत्रण की बात कही है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को सुबह करीब 9.30 बजे हिरासत में ले लिया गया था, लेकिन सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के चलते स्थिति बिगड़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी वीरेंद्र जैन, प्रभारी कलेक्टर अक्षत जैन, आईजी मिथिलेश कुमार और डीआईजी प्रशांत खरे ने देर रात गांव पहुंचकर हालात का जायजा लिया। इलाके में एसडीओपी और चार थाना प्रभारी भी कैंप कर रहे हैं।
एसपी श्री जैन ने बताया कि फिलहाल गांव में शांति बनाए रखने के लिए करीब सौ पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। जिनके घर या दुकानें क्षतिग्रस्त हुई हैं, उनका सर्वे कराया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
पुलिस का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal