Monday , February 16 2026

दिल्ली के आरके पुरम में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली, दो गिरफ्तार

दिल्ली के आरके पुरम में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली, दो गिरफ्तार

नई दिल्ली, 06 फरवरी दिल्ली के आरके पुरम थाना इलाके में शुक्रवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ से इलाके में हड़कंप मच गया। इस मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे और उसके साथी को धरदबोचा।

जानकारी के अनुसार, यह एनकाउंटर सुबह करीब 3.30 बजे हुआ, जब आरके पुरम थाना पुलिस को सूचना मिली कि दो बदमाश इलाके में किसी बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने के इरादे से घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत सतर्कता बरतते हुए इलाके में जाल बिछाया और दोनों बदमाशों की घेराबंदी की।

जैसे ही दोनों बदमाश पुलिस के नजदीक पहुंचे, पुलिस टीम ने उन्हें सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन बदमाशों ने खुद को घिरा देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की इस हरकत के बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने कुल छह गोलियां चलाईं, जबकि पुलिस की ओर से चार गोलियां चलाई गईं। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत उसे काबू में ले लिया।

घायल बदमाश के पकड़े जाने के बाद उसके साथी को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, जिस बदमाश के पैर में गोली लगी है, वह पहले भी कई लूट और दूसरी आपराधिक वारदातों में शामिल रहा है। दोनों बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उनकी योजना नाकाम हो गई।

एनकाउंटर के बाद घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मौके से हथियार भी बरामद किए हैं और दोनों बदमाशों से पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दोनों बदमाश किसी बड़े गिरोह से जुड़े हैं या नहीं और इससे पहले उन्होंने किन-किन वारदातों को अंजाम दिया है।

सियासी मियार की रीपोर्ट