अल-नस्र के लिए फिर नहीं खेले क्रिस्टियानो रोनाल्डो, ट्रांसफर विंडो को लेकर असंतोष की अटकलें तेज
पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो को एक बार फिर अल-नस्र की मैचडे स्क्वॉड से बाहर रखा गया। सऊदी प्रो लीग में अल-इत्तिहाद के खिलाफ मुकाबले के लिए रोनाल्डो का नाम टीम में शामिल नहीं था। यह लगातार दूसरा मैच है जिसमें पांच बार के बैलन डी’ऑर विजेता को बाहर बैठना पड़ा है। इससे पहले 2 फरवरी को अल-रियाद के खिलाफ लीग मैच में भी वे नहीं खेले थे।
इस घटनाक्रम के बीच पुर्तगाल में अटकलें तेज हो गई हैं। स्थानीय अखबार ए बोला की रिपोर्ट के अनुसार, रोनाल्डो क्लब की सर्दियों की ट्रांसफर विंडो में अपेक्षाकृत शांत गतिविधियों से खुश नहीं हैं।
रोनाल्डो के मौजूदा करार में अभी 18 महीने शेष हैं। उन्होंने 2022 में मैनचेस्टर यूनाइटेड से अल-नस्र का रुख किया था और तब से सऊदी प्रो लीग के सबसे बड़े चेहरों में से एक रहे हैं। उनके आने के बाद कई यूरोपीय सितारों ने भी इस लीग में कदम रखा।
सऊदी प्रो लीग का बयान
बीबीसी स्पोर्ट को जारी बयान में सऊदी प्रो लीग के एक प्रवक्ता ने साफ किया कि किसी भी खिलाड़ी से ऊपर क्लब होता है।
प्रवक्ता ने कहा,“क्रिस्टियानो के आने के बाद से वे अल-नस्र के साथ पूरी तरह जुड़े रहे हैं और क्लब की महत्वाकांक्षाओं व विकास में उनकी अहम भूमिका रही है। एक शीर्ष प्रतिस्पर्धी की तरह वे जीतना चाहते हैं।”
उन्होंने आगे कहा,“लेकिन कोई भी खिलाड़ी — चाहे वह कितना ही बड़ा क्यों न हो — अपने क्लब से बाहर के फैसलों को तय नहीं करता। हालिया ट्रांसफर गतिविधियां यही दिखाती हैं। किसी क्लब ने एक तरीके से खुद को मजबूत किया, तो किसी ने अलग रास्ता चुना। ये सभी फैसले क्लबों ने तय वित्तीय सीमाओं के भीतर लिए।”
अल-नस्र के लिए रोनाल्डो का योगदान
क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अल-नस्र के लिए अब तक 127 मैचों में 111 गोल किए हैं और 22 असिस्ट दिए हैं। क्लब के साथ उनका अब तक का इकलौता खिताब अरब क्लब चैंपियंस कप रहा है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal