हिमाचल प्रदेश में देहरा पुलिस ने चार मादक पदार्थ तस्करों को किया गिरफ्तार

देहरा (कांगड़ा), 09 फरवरी ‘नशा मुक्त हिमाचल’ अभियान के अंतर्गत देहरा पुलिस ने जिले में दो अलग-अलग स्थानों से चार मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सोमवार को कहा कि उनके पास से हेरोइन और चरस बरामद की गई है और उनके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।
देहरा जिला पुलिस अधीक्षक मयंक चौधरी ने यूनीवार्ता से कहा कि ज्वालामुखी पुलिस ने हेरोइन, चरस और अन्य मादक पदार्थों के सेवन एवं तस्करी को रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई की है। गश्त के दौरान पुलिस ने दो युवकों, वडोली गांव के निवासी मनीष कुमार और शिवंश चौधरी (21) की तलाशी ली और उन्हें गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान उनके पास से चार ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई। श्री चौधरी ने बताया कि बरामदगी के आधार पर एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 61-85 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है और आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।
उन्होंने आगे कहा कि उसी दिन एक अन्य मामले में, पुलिस ने संदेह के आधार पर “बेबे दी पट्टियां” के पास दो और संदिग्धों की तलाशी ली। आरोपियों की पहचान अंकित कुमार उर्फ अंकू (22) और आर्यन उर्फ लड्डा (22) के रूप में हुई, दोनों कांगड़ा जिले के निवासी हैं।
पुलिस ने उनके पास से 30 ग्राम चरस बरामद की है। ज्वालामुखी पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal