Tuesday , March 17 2026

पीएम मोदी ने तारिक रहमान को दी ऐतिहासिक जीत की बधाई

पीएम मोदी ने तारिक रहमान को दी ऐतिहासिक जीत की बधाई

बांग्लादेश, 13 फरवरी । बांग्लादेश के आम चुनाव में तारिक रहमान की पार्टी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी को भारी जीत मिली है। इस जीत पर नरेंद्र मोदी ने तारिक रहमान को बधाई दी और भरोसा दिलाया कि भारत हमेशा बांग्लादेश के समर्थन में खड़ा रहेगा। जानकारी के अनुसार, तारिक रहमान पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के पुत्र हैं और संभावना है कि वह बांग्लादेश के अगले प्रधानमंत्री बन सकते हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तारिक रहमान को बांग्लादेश के संसदीय चुनावों में जीत की बधाई दी है। पीएम मोदी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा कि बांग्लादेश में हुए पार्लियामेंट्री चुनावों में (बीएनपी) को बड़ी जीत दिलाने के लिए वह तारिक रहमान को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह जीत बांग्लादेश की जनता का उनके नेतृत्व पर विश्वास दर्शाती है।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में यह भी कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश के साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने दोनों देशों के बहुआयामी संबंधों को और मजबूत करने तथा साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने की इच्छा जताई।

बीएनपी की शानदार वापसी

बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। ढाका ट्रिब्यून के अनुसार BNP ने अब तक 151 सीटों पर अपनी जीत दर्ज की है। रॉयटर्स की रिपोर्ट भी बीएनपी की इस बड़ी जीत और सत्ता में वापसी की पुष्टि करती है।

शुरुआती अनौपचारिक नतीजों के अनुसार 299 में से 204 सीटों की गिनती पूरी हो चुकी है। इन नतीजों में बीएनपी गठबंधन 158 सीटों पर आगे है या जीत दर्ज कर चुका है। यह रुझान स्पष्ट करते हैं कि देश में बीएनपी की सरकार बनना अब लगभग तय है।

तारिक रहमान की बड़ी जीत

बीएनपी प्रमुख बेगम खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान ने बोगरा सीट से बड़ी जीत हासिल की है। उन्होंने बोगरा में 2,16,284 वोट हासिल किए और अपनी लोकप्रियता का लोहा देश में मनवाया है। रहमान ने ढाका-17 और बोगरा-6 दोनों ही महत्वपूर्ण सीटों पर अपना कब्जा जमा लिया है।

BNP ने पहले ही यह साफ कर दिया है कि सत्ता मिलने पर तारिक रहमान प्रधानमंत्री बनेंगे। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने अवामी लीग के समर्थकों से भी समर्थन देने की अपील की थी। रुझानों से पता चलता है कि अवामी लीग के पारंपरिक वोट भी बीएनपी को मिले हैं।