दिल्ली में कैंसर मामलों की बढ़ोतरी का कांग्रेस ने लगाया आरोप, डे-केयर सेंटर खोलने की मांग

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने गुरुवार को भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदूषण और दूषित पानी के कारण कैंसर के मामलों में वृद्धि हो रही है, लेकिन इसके बावजूद एक भी डे-केयर कैंसर सेंटर शुरू नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री द्वारा 2025-26 में देशभर में 297 डे-केयर कैंसर सेंटर स्थापित करने की घोषणा की गई थी, जिनमें से 102 ही स्थापित हो सके हैं। गैर-संचारी रोगों के लिए दिल्ली को 11.07 करोड़ रुपये आवंटित होने के बावजूद राजधानी में एक भी सेंटर चालू नहीं हुआ है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों का हवाला देते हुए यादव ने बताया कि 2024 में दिल्ली में कैंसर के 28,387 मामले सामने आए, जबकि 2023 में यह संख्या 27,561 थी। 2025 में मामलों में 23 प्रतिशत वृद्धि की आशंका जताई गई है। मुंह और गले का कैंसर 44 प्रतिशत के साथ सबसे अधिक है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चार सरकारी अस्पतालों में डे-केयर सेंटर की स्वीकृति और स्टाफ प्रशिक्षण के बावजूद परियोजना अभी तक शुरू नहीं हो सकी है। वहीं, दिल्ली सरकार की ओर से इस मुद्दे पर अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal