अमित शाह पर टिप्पणी मामले में सुल्तानपुर कोर्ट पहुंचे राहुल गांधी, कड़ी सुरक्षा के बीच दर्ज हुए बयान, भाजपा नेता की शिकायत पर चल रहा है केस

सुल्तानपुर, 21 फरवरी । कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शुक्रवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़े मानहानि मामले में अपना बयान दर्ज कराने सुल्तानपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट पहुंचे। राहुल गांधी के आगमन को देखते हुए दीवानी न्यायालय परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया था। सुरक्षा के मद्देनजर डॉग स्क्वायड और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी। राहुल गांधी ने न्यायाधीश के समक्ष अपने बयान दर्ज कराए, इस दौरान उनके साथ वरिष्ठ अधिवक्ताओं का एक दल भी मौजूद रहा। कोर्ट के बाहर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता अपने नेता के समर्थन में नारेबाजी करते नजर आए।
यह मामला साल 2018 का है, जब कर्नाटक में एक प्रेस वार्ता के दौरान राहुल गांधी ने अमित शाह के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी की थी। इस बयान से आहत होकर भाजपा नेता विजय मिश्र ने सुल्तानपुर कोर्ट में राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया था। इसी मामले में राहुल गांधी पहले भी कोर्ट में पेश हो चुके हैं। जुलाई 2024 में पेशी के बाद, अब प्रक्रिया के अगले चरण के तहत उनके विस्तृत बयान दर्ज किए गए हैं। भाजपा पक्ष का आरोप है कि राहुल गांधी ने संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों की गरिमा को ठेस पहुंचाई है।
राहुल गांधी की कोर्ट में मौजूदगी के दौरान सुल्तानपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर रही। हर आने-जाने वाले व्यक्ति की गहन तलाशी ली गई और कोर्ट परिसर के आसपास यातायात को डायवर्ट किया गया। बयान दर्ज कराने के बाद राहुल गांधी कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट से बाहर निकले। राजनीतिक गलियारों में इस पेशी को लेकर काफी चर्चा है, क्योंकि चुनाव से पहले मानहानि के ऐसे मामलों पर अदालती कार्रवाई तेज हो गई है। अब इस मामले में अगली सुनवाई की तारीख तय की जाएगी, जिस पर दोनों पक्षों की दलीलें सुनी जा सकती हैं।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal