Monday , February 23 2026

अंगदान को लेकर भारत में लगातार जागरूकता बढ रही है-मोदी

अंगदान को लेकर भारत में लगातार जागरूकता बढ रही है-मोदी


नई दिल्ली, 23 फरवरी । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि इन दिनों भारत में अंगदान को लेकर जागरूकता लगातार बढ़ रही है और इससे उन लोगों की मदद हो रही है जिन्हें इसकी जरूरत है तथा इसके साथ ही देश में चिकित्सा शोध को भी बल मिल रहा है।
श्री मोदी ने अपने मासिक कार्यक्रम ”मन की बात” में आज कहा कि किसी भी माता-पिता के लिए अपने बच्चे को खोने से बड़ा दु:ख कुछ और हो ही नहीं सकता। छोटे से बच्चे को खोने का दुख तो और भी गहरा होता है। कुछ ही दिन पहले हमने केरल की एक नन्ही मासूम आलिन शेरिन अब्राहम को खो दिया है। महज 10 महीनों में वो इस दुनिया से चली गई। कल्पना कीजिए- उसके सामने पूरी जिंदगी थी, जो अचानक खत्म हो गई। कितने ही सपने और खुशियां अधूरी रह गई। उसके अभिभावक जिस पीड़ा से गुजर रहे होंगे, उसे शब्दों से व्यक्त नहीं किया जा सकता है। लेकिन इतने गहरे दर्द के बीच भी आलिन के पिता अरुण अब्राहम और माँ शेरिन ने एक ऐसा फैसला लिया, जिससे हर देशवासी का हृदय उनके प्रति सम्मान से भर गया है। उन्होंने आलिन के अंगदान का फैसला किया। इस एक फैसले से पता चलता है कि उनकी सोच कितनी बड़ी है और व्यक्तित्व कितना विशाल। एक तरफ वे अपनी बच्ची को खोने के शोक में डूबे थे, तो वहीं दूसरों की मदद का भाव भी उनमें भरा था। वे चाहते थे कि किसी भी परिवार को ऐसा दिन देखना ना पड़े। आलिन शेरिन अब्राहम आज हमारे बीच नहीं है, लेकिन उसका नाम देश के कम उम्र की अंगदान में जुड़ गया है।

सियासी मियार की रीपोर्ट