महाराष्ट्र: कांग्रेस ने राज्यसभा के लिए शरद पवार को समर्थन देने का फैसला किया

महाराष्ट्र कांग्रेस ने विपक्षी गठबंधन ‘महाविकास अघाड़ी’ (एमवीए) के उम्मीदवार के रूप में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के संस्थापक शरद पवार को समर्थन देने का प्रस्ताव रखा है।
मुंबई के गांधी भवन में आज हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में एनसीपी (शरद पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। बैठक में महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल, विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार, सतेज उर्फ बंटी पाटिल, जितेंद्र आव्हाड और अन्य नेता मौजूद रहे।
बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए श्री सपकाल ने कहा, “हमें उम्मीद थी कि राज्यसभा की यह सीट कांग्रेस के हिस्से में आएगी, लेकिन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और राष्ट्रीय महासचिव के .सी. वेणुगोपाल से चर्चा के बाद यह तय किया गया है कि हम वरिष्ठ नेता श्री शरद पवार की उम्मीदवारी का समर्थन करेंगे।” सुश्री सुप्रिया सुले ने इस समर्थन के लिए कांग्रेस और महाविकास अघाड़ी के सभी साथियों का आभार व्यक्त किया।
इससे पहले चर्चा थी कि कांग्रेस नेता रमेश चेन्नीथला ने उद्धव ठाकरे से इस सीट की मांग की थी, ताकि राज्यसभा में कांग्रेस अपनी ‘विपक्ष के नेता’ की कुर्सी सुरक्षित रख सके। इसके बदले में कांग्रेस ने विधान परिषद की एक सीट शिवसेना (यूबीटी) को देने का प्रस्ताव भी रखा था।
दूसरी ओर, भाजपा के नेतृत्व वाले ‘महायुति’ गठबंधन ने भी राज्यसभा के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम तय कर दिए हैं। भाजपा ने विनोद तावड़े, केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले, माया चिनतामन इवनाते और रामराव वडकुते को मैदान में उतारा है। बाकी बची सीटों पर शिवसेना से राहुल शेवाले और दिवंगत अजीत पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से पार्थ पवार के चुनाव लड़ने की संभावना है।
राज्यसभा की इन सीटों के लिए मतदान 16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा और उसी दिन शाम 5 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal