Wednesday , March 11 2026

देश से गद्दारी करने वाला नौसेना जवान आगरा से गिरफ्तार, हनीमून से लौटते ही ATS ने दबोचा, पाकिस्तानी हैंडलर्स को भेज रहा था युद्धपोतों की गुप्त तस्वीरें

देश से गद्दारी करने वाला नौसेना जवान आगरा से गिरफ्तार, हनीमून से लौटते ही ATS ने दबोचा, पाकिस्तानी हैंडलर्स को भेज रहा था युद्धपोतों की गुप्त तस्वीरें

आगरा, 11 मार्च। भारतीय नौसेना की वर्दी पहनकर देश की सुरक्षा में सेंध लगाने वाले एक जासूस को यूपी एटीएस ने आगरा के कागारौल क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी आदर्श कुमार उर्फ लकी, जो केरल के कोच्चि स्थित दक्षिणी नेवल कमांड में लांस नायक के पद पर तैनात था, पिछले 7 सालों से सेवा में था। चौंकाने वाली बात यह है कि आदर्श फरवरी में अपनी शादी के बाद दुबई में हनीमून मनाकर लौटा था और गांव पहुँचते ही 10 मार्च को एटीएस ने उसे धर दबोचा। सुरक्षा एजेंसियों को लंबे समय से इनपुट मिल रहे थे कि कोच्चि नेवल बेस से संवेदनशील डेटा लीक किया जा रहा है, जिसकी कड़ियाँ अंततः आदर्श से जुड़ीं।

जांच में खुलासा हुआ है कि आदर्श कुमार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) के हैंडलर्स के साथ लगातार संपर्क में था। उसने कोच्चि नेवल कमांड में अपनी पहुँच का फायदा उठाकर युद्धपोतों, सैन्य गतिविधियों और रणनीतिक ठिकानों की संवेदनशील तस्वीरें और वीडियो पाकिस्तानी एजेंटों को व्हाट्सएप के जरिए भेजे थे। इसके बदले में उसे बैंक खातों के माध्यम से मोटी रकम का भुगतान किया गया था। एटीएस ने उसके पास से कई इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जो उसकी गद्दारी की पुष्टि करते हैं। फिलहाल आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

आदर्श की गिरफ्तारी के बाद अब सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि क्या नौसेना के भीतर उसके कुछ और सहयोगी भी इस साजिश का हिस्सा हैं। एटीएस आरोपी के बैंक खातों और डिजिटल फुटप्रिंट्स की गहनता से पड़ताल कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने अब तक कितनी जानकारी दुश्मन देश को पहुँचाई है। यह मामला सेना के भीतर बढ़ते ‘हनीट्रैप’ और डिजिटल जासूसी के खतरों की ओर इशारा करता है। अधिकारियों का कहना है कि आईएसआई के इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अभियान जारी रहेगा ताकि भविष्य में ऐसी चूक न हो।

सियासी मियार की रीपोर्ट