Monday , March 16 2026

एलपीजी संकट पर चर्चा की मांग पर विपक्ष अड़ा, लोकसभा की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित

एलपीजी संकट पर चर्चा की मांग पर विपक्ष अड़ा, लोकसभा की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित

नई दिल्ली, 12 मार्च । पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण देश में उत्पन्न ऊर्जा संकट पर चर्चा कराने की मांग पर विपक्ष के अड़े रहने के कारण लोकसभा की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित कर दी गयी।

एक बार स्थगन के बाद सदन की कार्यवाही शुरू होते ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपने खिलाफ लाये गये अविश्वास प्रस्ताव के संकल्प पर चर्चा पर अपने विचार रखे जिसके बाद जरूरी कागजात सदन के पटल पर रखे गये। उसके बाद कांग्रेस के के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अत्यंत महत्वपूर्ण विषय एलपीजी संकट पर चर्चा कराने के लिए नोटिस दिया है, उस पर चर्चा करायी जाए।

अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष के नेता का नोटिस उनके पास आया है और इस मामले से उन्होंने संबंधित मंत्री को अवगत करा दिया है। जब संबंधित मंत्री सदन में होंगे तब उस पर चर्चा की जाएगी।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि अध्यक्ष ने कहा है कि मुद्दा महत्वपूर्ण है तो सरकार उस पर जवाब देना चाहेगी। अध्यक्ष ने यह नहीं कहा कि सरकार उस विषय पर कुछ नहीं कहेगी। विपक्ष के नेता का नोटिस हमारे संज्ञान में है और हम तय करके उस पर जवाब देंगे। उसके बाद विपक्ष के सदस्य चर्चा की मांग पर अड़ गये जिसके कारण सदन की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित कर दी गयी।

सियासी मियार की रीपोर्ट