स्पेन की संसद ने ईरान संघर्ष के परिणामों को कम करने के उपायों के पैकेज को मंज़ूरी दी

मैड्रिड, 27 मार्च । स्पेन की संसद के निचले सदन, कांग्रेस ऑफ डेप्युटीज ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के आर्थिक प्रभाव को कम करने के लिए पांच अरब यूरो (5.8 अरब डॉलर) के संकट-रोधी पैकेज को मंजूरी दे दी है। सदन की ओर से जारी बयान में कहा गया, “कांग्रेस ने ईरान में युद्ध से स्पेनिश परिवारों और व्यवसायों पर पड़ने वाले प्रभाव को कम करने के लिए सरकार द्वारा लागू किए जा रहे उपायों से संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।” रॉयल डिक्री-लॉ के रूप में तैयार इस दस्तावेज में ईंधन, गैस और बिजली पर कर में कटौती सहित कई प्रावधान शामिल हैं। ऊर्जा संसाधनों पर वैट को 21 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत किया जाएगा। इसके अलावा ऊर्जा उत्पादन और वितरण क्षेत्र में अतिरिक्त कर रियायतें भी दी जाएंगी। वित्त मंत्री कार्लोस कूएर्पो ने संसद में विधेयक पेश करते हुए कहा, “यह युद्ध के आर्थिक परिणामों के प्रति त्वरित प्रतिक्रिया है।” उन्होंने बताया कि इस कदम से करीब दो करोड़ परिवारों को बिजली बिल में राहत मिलेगी।
गत सप्ताह स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने घोषणा की थी कि उनकी सरकार देश की अर्थव्यवस्था को समर्थन देने और पश्चिम एशिया युद्ध के प्रभाव को कम करने के लिए 80 उपायों वाले पांच अरब यूरो (5.8 अरब डॉलर) के पैकेज को मंजूरी देगी। उल्लेखनीय है कि 28 फरवरी को अमेरिका-इज़रायल ने तेहरान सहित ईरान के विभिन्न ठिकानों पर हमले किए थे। इसके जवाब में ईरान ने इज़रायली क्षेत्र और पश्चिम एशिया में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमला किया। इसके परिणामस्वरूप फारस की खाड़ी से वैश्विक बाजारों तक तेल और तरलीकृत प्राकृतिक गैस की आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण मार्ग, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जहाजों की आवाजाही लगभग ठप हो गई है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal