असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए थम गया प्रचार, 126 सीटों पर कल होगा मतदान
-दो करोड़ से अधिक मतदाता तय करेंगे उम्मीदवारों का राजनीतिक भविष्य

नई दिल्ली, 08 अप्रैल। असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए जारी हाई-वोल्टेज प्रचार अभियान मंगलवार शाम को थम गया है। राज्य की सभी 126 सीटों पर गुरुवार, 9 अप्रैल को एक साथ मतदान होगा। निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वोटिंग सुनिश्चित करने के लिए कमर कस ली है। इस बार चुनावी मैदान में 722 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनके भाग्य का फैसला 2.50 करोड़ से अधिक मतदाता करेंगे। आयोग के अनुसार, मतदान प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए 1.51 लाख से अधिक मतदान कर्मियों को तैनात किया गया है, जबकि सुरक्षा के लिहाज से केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) की भारी तैनाती की गई है।
राज्य में कुल 2,50,54,463 मतदाता हैं, जिनमें पुरुष और महिला मतदाताओं की संख्या लगभग बराबर है। इस चुनाव की खास बात यह है कि निर्वाचन आयोग ने 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए घर से वोटिंग (पोस्टल बैलेट) की सुविधा प्रदान की है, जिसका लाभ अब तक हजारों लोग उठा चुके हैं। आंकड़ों के अनुसार, करीब 6.42 लाख युवा मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदाताओं की सुविधा के लिए राज्य भर में 31,490 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं, जहां दिव्यांगों के लिए रैंप और अन्य विशेष प्रबंध किए गए हैं।
असम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग गोयल के नेतृत्व में स्वतंत्र चुनाव संपन्न कराने के लिए तकनीक का व्यापक स्तर पर उपयोग किया जा रहा है। आयोग ने सभी पोलिंग स्टेशनों पर वेबकास्टिंग की सुविधा सुनिश्चित की है, जिससे दिल्ली और राज्य मुख्यालय से रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जा सकेगी। चुनाव की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए 41,320 बैलेट यूनिट और लगभग 44,000 VVPAT मशीनों का इंतजाम किया गया है। साथ ही, संवेदनशील केंद्रों पर माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं। बता दें कि कल होने वाले इस मतदान के नतीजे सोमवार, 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal