जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरी यात्री बस: 15 यात्रियों की मौके पर मौत
उधमपुर, 21 अप्रैल। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार की सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिससे पूरे इलाके में मातम पसर गया है। जानकारी के अनुसार, एक यात्री बस एक दूरदराज के गांव से उधमपुर शहर की ओर जा रही थी, तभी रामनगर इलाके के कागोर्ट गांव के पास एक तीखे मोड़ पर चालक ने नियंत्रण खो दिया। बस सीधे पहाड़ी से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि दर्जनों यात्री घायल बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। उधमपुर के जिला कलेक्टर (DC) मिंगा शेरपा ने मौके पर राहत एवं बचाव अभियान की कमान संभाली। अधिकारियों ने बताया कि खाई गहरी होने के कारण घायलों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस में सवार यात्रियों की संख्या अधिक थी। रेस्क्यू टीम ने कई लोगों को मलबे से निकालकर स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया है, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है।
केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने इस दुखद घटना पर तुरंत संज्ञान लिया और स्थानीय प्रशासन से बात कर हर संभव मदद मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से बताया कि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था की जा रही है। स्थानीय कार्यकर्ताओं की टीम भी घायलों की मदद के लिए अस्पताल में मौजूद है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और दुर्घटना के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal