Thursday , April 30 2026

मुम्बई इंडिया को हराकर सनराइजर्स हैदराबाद ने लगाया जीत का पंजा

मुम्बई इंडिया को हराकर सनराइजर्स हैदराबाद ने लगाया जीत का पंजा

मुंबई, 30 अप्रैल । ट्रेविस हेड (76) और हइनरिक क्लासन (नाबाद 65) रनों की विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत सनराइजर्स हैदरबाद ने बुधवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 41वें मुकाबले में मुम्बई इंडियंस को आठ गेंदें शेष रहते छह विकेट से शिकस्त दी। यह हैदराबाद की टूर्नामेंट छठी जीत, वहीं मुम्बई इंडियसं की छठी हार है।

244 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद को ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए पहले विकेट के लिए 129 रन जोड़े। नौवें ओवर में एम गजनफर ने अभिषेक शर्मा को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। अभिषेक शर्मा ने 24 गेंदों में तीन चौके और चार छक्के लगाते हुए 45 रन बनाये। इसी ओवर की अगली ही गेंद पर गजनफर ने इशान किशन (शून्य) का भी शिकार कर लिया। अगले ओवर में हार्दिक पंड्या ने ट्रेविस हेड को आउट कर मुम्बई की मैच में वापसी कराई। लेकिन वे इसका फायदा उठाने में विफल रहे। ट्रेविस हेड ने 30 गेंदों में चार चौके और आठ छक्के उड़ाते हुए 76 रनों की पारी खेली। 17वें ओवर में नीतीश कुमार रेड्डी 17 गेंदों में (21) चौथे विकेट के रूप में आउट हुये। सनराइजर्स हैदराबाद ने 18.4 ओवरों में चार विकेट पर 249 रन बना कर मुकाबला छह विकेट से अपने नाम कर लिया। सलील अरोड़ा ने हार्दिक की गेंद पर विजई छक्का मारा। हइनरिक क्लासन ने 30 गेंदों में सात चौके और चार छक्के लगाते हुए नाबाद 65 रनों की पारी खेली। सलील अरोड़ा ने 10 गेंदों में दो चौके और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 30 रन बनाये।

मुम्बई इंडियंस के लिए एम गजनफर ने दो विकेट लिये। हार्दिक पंड्या और ट्रैंट बोल्ट ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले आज यहां रायन रिकलटन (नाबाद 123), विल जैक्स ( 46) और हार्दिक पंड्या (31) की आतिशी बल्लेबाजी के दम पर मुम्बई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पांच विकेट पर 243 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। मुम्बई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी मुम्बई के लिए विल जैक्स और रायन रिकलटन की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 93 रन जोड़कर अपनी टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। आठवें ओवर में नीतीश कुमार रेड्डी ने विल जैक्स को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। विल जैक्स ने 22 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्के लगाते हुए 46 रनों की पारी खेली। अगले ही ओवर में इशान मलिंगा ने सूर्यकुमार यादव (पांच) को अपना शिकार बना लिया। नमन धीर ने 17 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 22 रन बनाये। उन्हें प्रफुल्ल हिंगे ने आउट किया। इसी दौरान रायन रिकलटन ने 44 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। जो मुम्बई इंडियंस की ओर बनाया गया सबसे तेज शतक है।

19वें ओवर की पहली ही गेंद पर साकिब हुसैन ने हार्दिक का शिकार कर लिया। हार्दिक पंड्या ने 15 गेंदों में दो चौके और दो छक्के उड़ाते हुए (31) रन बनाये। आखिरी ओवर में तिलक वर्मा (सात) हिंगे का शिकार बने। मुम्बई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 243 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। रायन रिकलटन ने 55 गेंदों 10 चौके और आठ छक्के उड़ाते हुए नाबाद 123 रनों की पारी खेली।

सनराइजर्स हैदराबाद के लिए प्रफुल्ल हिंगे ने दो विकेट लिये। इशान मलिंगा, साकिब हुसैन और नीतीश कुमार रेड्डी ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

सियासी मियार की रीपोर्ट