राइमा सेन की फिल्म फूल पिशि ओ एडवर्ड 29 को होगी रिलीज

मुंबई, अपनी आगामी बंगाली ड्रामा-मिस्ट्री फिल्म फूल पिशि ओ एडवर्ड की रिलीज के लिए अभिनेत्री राइमा सेन पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए निर्देशक जोड़ी नंदिता रॉय और शिबोप्रसाद मुखर्जी के साथ काम करने के अपने शानदार अनुभव को साझा किया। अभिनेत्री ने फिल्म के सेट से जुड़ी कुछ तस्वीरें (बीटीएस) भी पोस्ट कीं, जिनमें पूरी टीम के बीच का तालमेल और खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने बताया कि पच्चीस साल बाद जब उन्हें इस प्रतिष्ठित प्रोजेक्ट के लिए याद किया गया, तो उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के तुरंत इसके लिए अपनी सहमति दे दी। राइमा ने अपने पोस्ट में लिखा कि शुरुआत में उन्हें शूटिंग का अनुभव कैसा होगा, इसका कोई अंदाज़ा नहीं था। उन्होंने बताया कि उन्होंने निर्देशक नंदिता रॉय के बारे में सुना था कि वे काफी सख्त मिजाज की हैं, लेकिन उनसे मिलने के बाद उनकी यह धारणा पूरी तरह बदल गई।
राइमा ने नंदिता और शिबोप्रसाद के साथ काम करने के अपने व्यक्तिगत अनुभव को साझा करते हुए कहा कि नंदिता एक मां की तरह हैं, बेहद शांत, प्यार करने वाली और दयालु। उन्होंने सेट पर राइमा का पूरा ख्याल रखा और उन्हें घर जैसा महसूस कराया। वहीं, शिबोप्रसाद मुखर्जी भी बहुत ही कूल और रिलैक्स रहने वाले निर्देशक हैं, जिनके साथ काम करना बेहद आसान और सहज रहा। राइमा ने आगे बताया कि पूरी टीम के साथ उनका तालमेल इतना शानदार था कि लंबी शूटिंग के घंटों के बावजूद उन्हें कभी थकान महसूस नहीं हुई। सभी एक परिवार की तरह काम करते थे, जिससे सेट पर हमेशा सकारात्मक और ऊर्जावान माहौल बना रहता था। उन्होंने उम्मीद जताई कि वे भविष्य में भी इस अद्भुत टीम के साथ दोबारा काम करना चाहेंगी। राइमा ने अपने प्रशंसकों को यह भी बताया कि फिल्म फूल पिशि ओ एडवर्ड 29 मई को उनके नजदीकी सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है, और उन्होंने दर्शकों से इसे देखने का आग्रह किया।
फूल पिशि ओ एडवर्ड प्रसिद्ध निर्देशक जोड़ी नंदिता रॉय और शिबोप्रसाद मुखर्जी की पच्चीसवीं बंगाली मिस्ट्री-ड्रामा फिल्म है, जो उनके करियर में एक मील का पत्थर है। फिल्म में राइमा सेन के अलावा, सोहिनी सेनगुप्ता, अर्जुन चक्रवर्ती, शाहेब चट्टोपाध्याय, रजतव दत्ता, अनन्या चटर्जी, कोनेनिका बनर्जी, श्यामौप्ति मुदली, रिशव बसु और सौम्या मुखर्जी जैसे प्रतिभाशाली कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे, जो इस रहस्यमई कहानी को और भी दिलचस्प बनाएंगे। यह फिल्म एक लव ट्राएंगल पर आधारित है और भावनात्मक रहस्यों के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें संगीत जॉय सरकार ने दिया है और बोल श्रीजतो ने लिखे हैं। विंडोज प्रोडक्शनंस द्वारा निर्मित इस फिल्म का लेखन जिनिया सेन ने किया है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal