नई वेब सीरीज में सान्विका का दिखेगा नया अंदाज

मुंबई, छोटे परदे की अभिनेत्री सान्विका अब बिल्कुल अलग अवतार में नजर आने वाली हैं। वेब सीरीज ‘पंचायत’ में अपने सरल और मासूम किरदार ‘रिंकी’ से दर्शकों का दिल जीतने वाली सान्विका की आगामी वेब सीरीज ‘लुटेरी दुल्हन’ में वह एक चालाक और शातिर महिला ठग का किरदार निभा रही हैं।
इस सीरीज में सान्विका ‘माया’ नाम की ऐसी महिला बनी हैं, जो अमीर युवकों को अपने प्रेमजाल में फंसाकर उनसे शादी करती है और बाद में नकदी व कीमती गहने लेकर फरार हो जाती है। सान्विका ने बताया कि इस किरदार के लिए चुना जाना उनके लिए खुद एक बड़ा आश्चर्य था। उन्होंने कहा कि शुरुआत में उन्हें भी संदेह था कि क्या वह पर्दे पर इतनी चालाक और ग्रे शेड वाली महिला का किरदार प्रभावी ढंग से निभा पाएंगी। हालांकि, उन्हें खुशी है कि सीरीज के निर्माताओं ने उन पर भरोसा जताया और उन्हें यह चुनौतीपूर्ण भूमिका सौंपी। अभिनेत्री का कहना है कि उन्होंने इस किरदार को कभी जोखिम के रूप में नहीं देखा। उनके अनुसार, वह हमेशा अपने दिल की सुनकर ही किसी प्रोजेक्ट का चयन करती हैं। जब उन्होंने पहली बार सीरीज की कहानी का सार सुना, तभी वह इस किरदार को निभाने के लिए उत्साहित हो गई थीं। सान्विका ने कहा कि यह भूमिका उनके अब तक निभाए गए किरदारों से बिल्कुल अलग है और एक कलाकार के तौर पर उन्हें अपने अभिनय की विविधता दिखाने का मौका देती है।
उन्होंने बताया कि जहां आजकल ज्यादातर अपराध आधारित वेब सीरीज गंभीर और तनाव से भरी होती हैं, वहीं ‘लुटेरी दुल्हन’ को हल्के-फुल्के और मनोरंजक अंदाज में पेश किया गया है। अपराध की पृष्ठभूमि होने के बावजूद इसमें मनोरंजन और हास्य का संतुलन बनाए रखने की कोशिश की गई है। सान्विका ने यह भी कहा कि यह पूरी तरह महिला केंद्रित कहानी है। आमतौर पर फिल्मों और सीरीज में पुरुष अपराधियों और पुलिस अधिकारियों के बीच टकराव दिखाया जाता है, लेकिन इस कहानी की खास बात यह है कि अपराध करने वाली महिला भी है और उसका पीछा करने वाली पुलिस अधिकारी भी महिला ही है। उनके मुताबिक, यही पहलू इस सीरीज को बाकी अपराध आधारित कहानियों से अलग और ताजा बनाता है। ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर बढ़ते महिला प्रधान कंटेंट को लेकर सान्विका ने कहा कि अब दर्शकों की पसंद बदल चुकी है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal