सुप्रीम कोर्ट में पांच नए जजों ने ली शपथ: शीर्ष अदालत में न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर हुई 37

नई दिल्ली, 03 जून)। भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने मंगलवार को सर्वोच्च न्यायालय के पांच नवनियुक्त न्यायाधीशों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उच्चतम न्यायालय परिसर में आयोजित इस गरिमामय समारोह में न्यायमूर्ति शील नागू, न्यायमूर्ति चंद्रशेखर, न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा, न्यायमूर्ति अरुण पल्ली और वरिष्ठ अधिवक्ता वी मोहना ने न्यायाधीश के रूप में शपथ ग्रहण की। इस नियुक्ति के साथ ही सर्वोच्च न्यायालय में कुल न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 37 हो गई है।
वरिष्ठ अधिवक्ता वी मोहना को सीधे बार से न्यायाधीश के पद पर पदोन्नत किया गया है। उनकी नियुक्ति से सर्वोच्च न्यायालय में महिला प्रतिनिधित्व में महत्वपूर्ण वृद्धि हुई है। न्यायमूर्ति बी.वी. नागरत्ना के बाद, अगस्त 2021 के उपरांत यह पहली बार है जब सर्वोच्च न्यायालय में किसी महिला को न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया है, जो न्यायिक प्रणाली में समावेशिता की दिशा में एक बड़ा कदम है।
यह नियुक्तियां केंद्र सरकार द्वारा सर्वोच्च न्यायालय में जजों की कुल संख्या को 34 से बढ़ाकर 38 करने के प्रस्ताव को स्वीकृति देने के बाद संभव हुई हैं। इनमें पंजाब एवं हरियाणा, बंबई, मध्य प्रदेश और जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख उच्च न्यायालयों के पूर्व मुख्य न्यायाधीशों को पदोन्नति दी गई है। केंद्र सरकार की औपचारिक मंजूरी मिलने के बाद ही ये नियुक्तियां प्रभावी हुई हैं, जिससे देश की शीर्ष अदालत की कार्यक्षमता में और वृद्धि होगी।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal