रवि लामिछाने ने की, नितिन नवीन से मुलाकात, भाजपा मुख्यालय में हुआ भव्य स्वागत

नई दिल्ली, भारत दौरे पर आए नेपाल के सत्तारूढ़ दल राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी के अध्यक्ष रवि लामिछाने ने आज यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की।
भारत में सत्तारूढ़ भाजपा के अध्यक्ष नितिन नवीन के निमंत्रण पर साेमवार काे यहां पधारे लामिछाने का सुबह भाजपा मुख्यालय पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक झांकी, फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया।
बाद में रवि लामिछाने ने भाजपा के अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इस अवसर पर भाजपा नेता ने उन्हें पार्टी मुख्यालय की संरचना एवं संगठनात्मक व्यवस्था के बारे में जानकारी दी।
सूत्राें के अनुसार, बैठक में दोनों देशों की लोकतांत्रिक शक्तियों, राजनीतिक दलों के अनुभव, आपसी राजनीतिक सहयोग तथा नेपाल-भारत संबंधों को और मजबूत बनाने जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
रवि लामिछाने सोमवार को पांच दिवसीय भारत यात्रा पर आए हैं। कल उनकी प्रधानमंत्री नरेन्द्र माेदी से भेंट हाेने की संभावना है। अपने दौरे के दौरान वह भारत में रह रहे नेपाली समुदाय और पार्टी समर्थकों से भी मिलेंगे।
भारत प्रवास के दौरान उनके अयोध्या का दौरा करने का भी कार्यक्रम है, जहां वे श्री रामजन्मभूमि मंदिर सहित कई धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व के स्थलों का भ्रमण करेंगे।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal