शिल्पा शिंदे का बड़ा खुलासा: ‘भाबीजी’ प्रोड्यूसर पर लगाए गए यौन शोषण के आरोपों को बताया झूठ

हैदराबाद, 03 जून । ‘भाबीजी घर पर हैं’ शो की पूर्व अभिनेत्री शिल्पा शिंदे ने अपने करियर के एक पुराने विवाद पर चौंकाने वाला खुलासा किया है। एक पॉडकास्ट के दौरान उन्होंने स्वीकार किया कि शो के निर्माता संजय कोहली पर लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोप पूरी तरह झूठे थे। शिल्पा ने बताया कि उस समय वे बेहद कठिन परिस्थितियों से गुजर रही थीं और शो से बाहर निकलने के लिए उनके पास कोई अन्य रास्ता नहीं बचा था।
शिल्पा ने विस्तार से बताते हुए कहा कि कानूनी प्रक्रिया के तहत उन्हें अपनी शिकायत में मनगढ़ंत और गंभीर बातें लिखनी पड़ी थीं, क्योंकि पुलिस के पास मामला दर्ज करने का यही एकमात्र तरीका था। उन्होंने कबूल किया कि यह सब उन्होंने सिर्फ पेशेवर बाधाओं से मुक्त होने के लिए किया था। अभिनेत्री के अनुसार, उस दौर में किसी भी निर्माता ने उनका साथ नहीं दिया, जिसके चलते उन्हें ऐसा कठोर कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
पोडकास्ट में शिल्पा ने स्पष्ट किया कि बाद में दोनों पक्षों के बीच सेटलमेंट हुआ और उनका बकाया भुगतान भी क्लियर कर दिया गया था। अब 11 साल बीतने के बाद, उनके और निर्माता के बीच रिश्ते काफी सौहार्दपूर्ण हो गए हैं और वे साथ काम भी कर रही हैं। यह पहली बार है जब शिल्पा ने इतने सालों बाद सार्वजनिक रूप से इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए सच्चाई का खुलासा किया है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal