‘अल्फा’ एक बेहद कूल एक्शन फिल्म और पूरी तरह मनोरंजक मसाला एंटरटेनर: बॉबी देओल
मुंबई, बॉलीवुड अभिनेता बॉबी देओल ने अपनी आने वाली फिल्म ‘अल्फा’ को एक स्टाइलिश, हाई-एनर्जी और संपूर्ण मसाला एंटरटेनर बताते हुए कहा है कि यह फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों में भरपूर रोमांच और मनोरंजन का अनुभव देगी।यश राज फिल्म्स की इस फिल्म में आलिया भट्ट और शर्वरी मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म में अहम भूमिका निभा रहे बॉबी देओल ने कहा कि ‘अल्फा’ को पूरी स्पष्टता के साथ बनाया गया है और इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह शुरू से अंत तक दर्शकों को बांधे रखती है।
बॉबी ने कहा, “मुझे इस फिल्म की सबसे अच्छी बात यह लगी कि इसे पूरी तरह पता है कि यह क्या बनना चाहती है।एक ऐसी फिल्म जो दर्शकों को सिनेमाघरों में मजेदार और रोमांचक अनुभव दे। मैं हर दिन शूटिंग पर जाने के लिए उत्साहित रहता था क्योंकि सेट पर हमेशा कुछ न कुछ दिलचस्प और रोमांचक होता था।” उन्होंने कहा कि फिल्म के सेट पर मौजूद सकारात्मक और सहयोगात्मक माहौल ने पूरे अनुभव को खास बना दिया। कलाकारों और तकनीकी टीम के बीच आत्मीयता और गर्मजोशी ने शूटिंग को यादगार बना दिया।
निर्देशक शिव रवैल की प्रशंसा करते हुए बॉबी ने कहा कि उनके साथ काम करना प्रेरणादायक अनुभव रहा। उन्होंने कहा, “एक अभिनेता के तौर पर ऐसे निर्देशक के साथ काम करना प्रेरणादायक होता है, जिसे अपने विज़न और उस दुनिया के बारे में पूरी स्पष्टता हो जिसे वह पर्दे पर रचना चाहता है। उन्होंने कुछ ऐसा बनाया है जो ताज़ा और अलग महसूस होता है।”
बॉबी ने आलिया भट्ट और शर्वरी के समर्पण की भी सराहना करते हुए कहा कि दोनों अभिनेत्रियों ने अपने किरदारों के लिए जबरदस्त मेहनत और ऊर्जा दिखाई है, जिससे फिल्म और अधिक प्रभावशाली बनी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शक ‘अल्फा’ को भरपूर प्यार देंगे और इसका सिनेमाघरों में आनंद लेंगे।
यश राज फिल्म्स के बैनर तले बनी और शिव रवैल निर्देशित ‘अल्फा’ 03 जुलाई, 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal