बिट मेसरा और आईआईटी खड़गपुर के बीच महत्वपूर्ण समझौता, शोध और शिक्षा के क्षेत्र में आपसी सहयोग को मिलेगी नई गति और आयाम

रांची, 22 जून बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान (बीआईटी) मेसरा और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर ने शोध, नवाचार और शैक्षिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए पांच वर्षीय समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी के माध्यम से दोनों संस्थान संयुक्त पीएचडी कार्यक्रम, साझा प्रयोगशाला सुविधाएं और संकाय आदान-प्रदान जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देंगे। समझौते पर बीआईटी मेसरा के कुलपति प्रो. इंद्रनील मन्ना और आईआईटी खड़गपुर के निदेशक प्रो. सुमन चक्रवर्ती ने हस्ताक्षर किए।
छात्रों और शिक्षकों के लिए नए अवसर
इस एमओयू का मुख्य उद्देश्य छात्रों और शिक्षकों को विश्वस्तरीय शोध अवसर प्रदान करना है। अब BIT मेसरा के छात्र आईआईटी खड़गपुर की अत्याधुनिक लैब और विशेषज्ञ संकाय का लाभ उठा सकेंगे। दोनों संस्थान संयुक्त रूप से इंटीग्रेटेड एमटेक-पीएचडी और ड्यूल डिग्री कार्यक्रम शुरू करने पर भी विचार कर रहे हैं, जिससे छात्रों को उन्नत शैक्षिक और शोध अनुभव प्राप्त होगा।
तकनीकी विकास और भविष्य की राह
यह साझेदारी राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के लक्ष्यों के अनुरूप है। दोनों संस्थान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऊर्जा, जलवायु परिवर्तन और रक्षा तकनीक जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में संयुक्त शोध परियोजनाएं चलाएंगे। इन प्रयासों की प्रगति की समीक्षा के लिए एक विशेष समिति का गठन किया गया है, जो पूर्वी भारत की अर्थव्यवस्था और तकनीकी विकास में प्रभावी योगदान सुनिश्चित करेगी।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal