नया रियलिटी शो ‘इंडिया के टॉप 1%’ 19 सितंबर से होगा शुरू
मुंबई, । स्टार प्लस का नया रियलिटी शो ‘इंडिया के टॉप 1%’ 19 सितंबर से शुरू होगा। अभिनेता अनिल कपूर शो की मेजबानी करेंगे। शो का प्रसारण रात आठ बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर किया जाएगा।
‘द 1% क्लब’ के लोकप्रिय अंतरराष्ट्रीय फॉर्मेट पर आधारित इस शो में 100 प्रतिभागी 13 राउंड में हिस्सा लेंगे। प्रत्येक प्रतिभागी एक लाख रुपये की राशि के साथ खेल शुरू करेगा। गलत जवाबों के साथ सामूहिक पुरस्कार राशि बढ़ती जाएगी, जो एक करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है।
शो में रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े सवालों और पहेलियों के अलावा विभिन्न प्रकार के चैलेंज और ट्विस्ट देखने को मिलेंगे।
अनिल कपूर ने शो के बारे में कहा कि उन्होंने हाल ही में ‘इंडिया के टॉप 1%’ के लिए कुछ मॉक शूट किए हैं और यह उनके हालिया प्रोजेक्ट्स में से एक है, जिसे लेकर वह काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि 100 प्रतिभागियों के साथ बातचीत और उनकी अलग-अलग कहानियां जानना सेट पर अलग तरह की ऊर्जा लेकर आता है।उन्होंने कहा कि शो की खास बात यह है कि इसमें केवल प्रतिभागी ही नहीं, बल्कि घर बैठे दर्शक भी खेल का हिस्सा बन सकते हैं। परिवार के सदस्य साथ बैठकर सवालों के जवाब का अनुमान लगा सकते हैं और एक-दूसरे से मुकाबला कर सकते हैं।
अनिल कपूर ने कहा कि हर सप्ताहांत दर्शकों के लिए मनोरंजन का यह नया अनुभव होगा और पूरा देश उनके साथ इस खेल में शामिल हो सकेगा।
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal