प्रयागराज में फिर बढ़ा गंगा-यमुना का जलस्तर, 24 घंटे में एक मीटर तक की बढ़ोतरी

प्रयागराज, 29 अगस्त उत्तर प्रदेश के जनपद प्रयागराज में गंगा और यमुना के जलस्तर में एक बार फिर तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जिला प्रशासन की ओर से शनिवार सुबह आठ बजे जारी जलस्तर की रिपोर्ट के अनुसार, यमुना के नैनी और गंगा के छतनाग में पिछले 24 घंटे के दौरान करीब एक मीटर की वृद्धि हुई है। हालांकि, अभी सभी तटबंध सुरक्षित बताए गए हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार यमुना नदी का जलस्तर नैनी में 80.68 मीटर दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में इसमें 103 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हुई है। इस दौरान क्षेत्र में 60 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। गंगा नदी का जलस्तर फाफामऊ में 80.69 मीटर रहा। यहां पिछले 24 घंटे में 20 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई और 16.8 मिलीमीटर बारिश हुई। इसी तरह छतनाग में गंगा का जलस्तर 80.16 मीटर दर्ज किया गया। यहां 24 घंटे में जलस्तर 98 सेंटीमीटर बढ़ा है। छतनाग क्षेत्र में 20.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं, एसटीपी बक्सी बांध क्षेत्र में जलस्तर 80.86 मीटर दर्ज किया गया, जिसमें पिछले 24 घंटे में 96 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है। जिला प्रशासन के मुताबिक गंगा और यमुना के जलस्तर में बढ़ोतरी पर लगातार नजर रखी जा रही है। संबंधित विभागों और अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश हैं। प्रशासन ने बताया कि जिले के सभी तटबंध फिलहाल सुरक्षित हैं।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal