रक्षाबंधन पर रोडवेज बसों में 21 हजार से अधिक महिलाओं ने की मुफ्त यात्रा, रही भीड़

वाराणसी, 29 अगस्त । रक्षाबंधन के अवसर पर राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की ओर से महिलाओं को दी गई मुफ्त बस यात्रा सुविधा का व्यापक असर देखने को मिला। दो दिनों में वाराणसी क्षेत्र से संचालित रोडवेज बसों में कुल 31,685 यात्रियों ने इस सुविधा का लाभ उठाया। इनमें 21,181 महिलाएं और उनके साथ यात्रा करने वाले 10,504 अटेंडेंट शामिल रहे।
रक्षाबंधन पर घर जाने और त्योहार मनाने के लिए बड़ी संख्या में यात्रियों के निकलने से रोडवेज बसों में भीड़ बढ़ गई। बुधवार रात से ही बस अड्डों पर यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी थी। इसका असर खासतौर पर गोरखपुर रूट की बसों में देखने को मिला, जहां महिलाओं को भीड़ के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कई रूटों पर सीट के लिए मारामारी
गाजीपुर और जौनपुर जाने वाली बसों में भी बड़ी संख्या में यात्रियों के पहुंचने से महिलाओं को बैठने की जगह नहीं मिल पाई। कई महिलाओं को मजबूरी में निजी बसों से सफर करना पड़ा। मिर्जापुर और प्रयागराज जाने वाली बसों में भी यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक रही।
विंध्याचल जाने वाली बसों में भी कई महिलाओं को जगह नहीं मिल सकी। त्योहार के दौरान बसों में क्षमता से अधिक यात्रियों के पहुंचने के कारण कई रूटों पर भीड़ की स्थिति बनी रही।
अतिरिक्त बसों और फेरों की व्यवस्था
यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रोडवेज की ओर से अतिरिक्त बसों और फेरों की व्यवस्था की गई थी। अधिकारियों का कहना है कि त्योहार के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने का प्रयास किया गया।
रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय ने बताया कि विभाग का पूरा प्रयास रहा कि किसी भी महिला यात्री को असुविधा न हो। अतिरिक्त बसों और फेरों की व्यवस्था कर यात्रियों को समय पर उनके गंतव्य तक पहुंचाने की कोशिश की गई।
रक्षाबंधन के चलते सामान्य दिनों की तुलना में यात्रियों की संख्या में भारी इजाफा हुआ। मुफ्त यात्रा सुविधा का लाभ लेने वाली महिलाओं की बड़ी संख्या से रोडवेज बसों में भीड़ बढ़ी, हालांकि विभाग ने अतिरिक्त बसों के संचालन के जरिए यात्रियों को राहत देने का प्रयास किया।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal