सेंसर बोर्ड का हुआ नए सिरे से गठन, सुनील शेट्टी, प्रीति जिंटा और पंकज त्रिपाठी समेत 18 सदस्यों की टीम का ऐलान

मुंबई,सीबीएफ़सी की नई टीम का गठन कर दिया गया है। 18 सदस्यों वाले बोर्ड में प्रीति जिंटा, सुनील शेट्टी, पंकज त्रिपाठी, पल्लवी जोशी, प्रियदर्शन और प्रोसेनजीत चटर्जी समेत कई नाम शामिल हैं।
केंद्र सरकार ने सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन का नए सिरे से गठन किया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक नए बोर्ड में कुल 18 सदस्यों को शामिल किया गया है। इस टीम में बॉलीवुड के कई चर्चित कलाकारों के साथ फिल्ममेकर, लेखक, संगीतकार और अन्य क्षेत्रों से जुड़े लोग भी शामिल हैं।
नई टीम में अभिनेता सुनील शेट्टी, पंकज त्रिपाठी, अभिनेत्री प्रीति जिंटा और पल्लवी जोशी के नाम प्रमुख हैं। इनके अलावा बंगाली अभिनेता प्रोसेनजीत चटर्जी और मशहूर फिल्म निर्देशक प्रियदर्शन को भी बोर्ड का सदस्य बनाया गया है। CBFC के नए बोर्ड में अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े कुल 18 सदस्यों को जगह मिली है। इनमें विनोद अनुपम, मनोज जोशी, अभिषेक जैन, रिकी केज, प्रियदर्शन, सुनील शेट्टी, हंसराज हंस, सुप्रिया यरलागड्डा, यतींद्र मिश्रा, रूपाली गांगुली, प्रीति जिंटा, नीला माधब पांडा, पंकज त्रिपाठी, प्रोसेनजीत चटर्जी, पल्लवी जोशी, निशिगंधा वाड, वामन केंद्रे और रमेश पतंगे शामिल हैं।
तीन साल के लिए किया गया गठित
यह नया बोर्ड तत्काल प्रभाव से तीन साल के लिए गठित किया गया है। हालांकि, अधिसूचना के अनुसार जरूरत पड़ने पर तीन साल की अवधि पूरी होने से पहले भी बोर्ड में बदलाव किया जा सकता है। सरकार ने इसका गठन सिनेमैटोग्राफ एक्ट, 1952 और सिनेमैटोग्राफ रूल्स, 2024 के तहत किया है।
इसी साल हुई थी नए चेयरमैन की नियुक्ति
CBFC में यह बदलाव नए चेयरमैन की नियुक्ति के कुछ महीने बाद हुआ है। केंद्र सरकार ने इसी साल 3 मई को शशि शेखर वेम्पति को CBFC का नया चेयरमैन नियुक्त किया था। उनका कार्यकाल भी तीन साल के लिए तय किया गया है। CBFC चेयरमैन बनने से पहले शशि शेखर वेम्पति प्रसार भारती के सीईओ के तौर पर काम कर चुके हैं। उन्होंने गीतकार और कवि प्रसून जोशी की जगह ली है।
प्रसून जोशी ने निभाई थी 9 साल जिम्मेदारी
प्रसून जोशी ने साल 2017 में पहलाज निहलानी के बाद CBFC चेयरमैन का पद संभाला था और करीब नौ साल तक इस जिम्मेदारी में रहे। अब उन्हें प्रसार भारती का सीईओ नियुक्त किया गया है। नई CBFC टीम में फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई जाने-पहचाने चेहरों के शामिल होने के बाद बोर्ड की नई टीम को लेकर फिल्म जगत में भी चर्चा शुरू हो गई है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal