Saturday , September 19 2026

बड़ी शक्तियां संकटों से निपटने के लिए बहुपक्षवाद को मानती हैं रास्ता: गुतारेस

बड़ी शक्तियां संकटों से निपटने के लिए बहुपक्षवाद को मानती हैं रास्ता: गुतारेस

संयुक्त राष्ट्र, । ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में सर्वसम्मति से नई दिल्ली घोषणापत्र जारी किये जाने के कुछ दिन बाद संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंतोनियो गुतारेस ने कहा कि यह “आश्वस्त करने वाली बात” है कि दुनिया की “महत्वपूर्ण शक्तियां” मानती हैं कि वैश्विक संकटों का समाधान बहुपक्षवाद से किया जा सकता है।

महासचिव गुतारेस ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन में यह टिप्पणी की।

गुतारेस ने कहा, “महत्वपूर्ण बात यह है कि जो साझा घोषणापत्र जारी किया गया है, वह बहुपक्षवाद और संयुक्त राष्ट्र के प्रति सभी देशों की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”

उन्होंने कहा, “इस लिहाज से यह आश्वस्त करने वाली बात है कि दुनिया की बड़ी और महत्वपूर्ण शक्तियां यह मानती है कि संकटों से निपटने का रास्ता बहुपक्षवाद है और इन प्रयासों के केंद्र में संयुक्त राष्ट्र को होना चाहिए।”

ब्रिक्स समूह ने 12 सितंबर को सर्वसम्मति से संयुक्त घोषणापत्र जारी किया।

गुतारेस ने यह भी कहा कि सुरक्षा परिषद के सभी सदस्य ब्रिक्स बैठक में मौजूद नहीं थे।

गुतारेस ने 12-13 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया था और शिखर सम्मेलन के एक सत्र को संबोधित किया था।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भी मुलाकात की थी।

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख के रूप में गुतारेस का दूसरा पांच वर्षीय कार्यकाल दिसंबर 2026 में समाप्त होगा।

वह इस साल फरवरी में नई दिल्ली में आयोजित ‘भारत–एआई इम्पैक्ट समिट’ 2026 में शामिल होने के लिए भारत आए थे।

सियासी मियार की रीपोर्ट