प्रशासनिक संकट के कारण अरुणाचल प्रदेश ने अपना पहला रणजी मैच गंवाया

नई दिल्ली, 11 अक्टूबर। अरुणाचल प्रदेश को राज्य के क्रिकेट संघ में विवाद के चलते नागालैंड के खिलाफ रविवार से अहमदाबाद में शुरू होने वाला रणजी ट्रॉफी प्लेट ग्रुप का अपना पहला मैच गंवाना पड़ा।
इस मैच को रद्द कर दिया गया है। यह फैसला राज्य क्रिकेट संघ में दो गुटों के बीच विवाद और गुवाहाटी उच्च न्यायालय की इटानगर पीठ के समक्ष लंबित मामले के कारण उत्पन्न प्रशासनिक संकट के मद्देनजर लिया गया है।
इससे पहले अरुणाचल प्रदेश बृहस्पतिवार को भुवनेश्वर में सिक्किम के खिलाफ वीनू मांकड़ ट्रॉफी मैच में भी अपनी अंडर-19 टीम को मैदान में नहीं उतार पाया था।
अरुणाचल प्रदेश क्रिकेट संघ के सितंबर में चुनाव कराए गए थे जिसमें नबम विवेक अध्यक्ष चुने गए। बाद में हालांकि कई जिला संघों ने चुनाव में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए गुवाहाटी उच्च न्यायालय का रुख किया।
उच्च न्यायालय ने इस मामले में अपना फैसला सुरक्षित रखा है और भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) को हस्तक्षेप करने और बिहार के मामले की तरह स्वतंत्र चयन पैनल गठित करने से रोक दिया है।
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने मीडिया को बताया, ‘‘अदालत से स्थगन आदेश जारी है और बीसीसीआई इसमें हस्तक्षेप नहीं कर सकता। राज्य संघ का संचालन कोई नहीं कर रहा है। जब तक अदालत मंजूरी नहीं देती, हम कुछ नहीं कर सकते।’’
अरुणाचल प्रदेश रणजी ट्रॉफी के पिछले सत्र में प्लेट ग्रुप के अपने सभी पांच मैच हार गया था और वह तालिका में सबसे निचले स्थान पर रहा था।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal