Sunday , October 11 2026

केरलम में जंगली सूअरों के हमले में बुजुर्ग महिला की मौत, तीन अन्य घायल

केरलम में जंगली सूअरों के हमले में बुजुर्ग महिला की मौत, तीन अन्य घायल

मलप्पुरम (केरलम), 11 अक्टूबर केरलम में रविवार को जंगली सूअरों के हमले में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने मृत महिला की पहचान एडवन्ना के ईस्ट चथलूर की निवासी पी. के. फातिमा (60) के रूप में की है। घायलों की पहचान मोहम्मद अली, हमीद और वी. पी. अब्दुल्ला के रूप में हुई है।

यह घटना उस समय हुई, जब कुछ लोग सुबह की नमाज पढ़ने जा रहे थे। रास्ते में उनका सामना जंगली सूअरों के एक झुंड से हो गया।

पुलिस ने बताया कि सबसे पहले जंगली सूअरों ने आगे चल रहीं फातिमा और मोहम्मद अली पर हमला किया। इसके बाद उन्होंने अन्य लोगों को भी घायल कर दिया।

उसने बताया कि सभी घायलों को पास के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां फातिमा ने दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार, अन्य तीन लोगों को मामूली चोटें आई हैं और चिकित्सकीय जांच पूरी होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।

पुलिस ने बताया कि इलाके में अक्सर जंगली सूअर देखे जाते हैं। स्थानीय लोग कई बार इनके कारण फसलों को होने वाले नुकसान की शिकायत कर चुके हैं।

सियासी मियार की रीपोर्ट