Monday , October 12 2026

टीसीएस के नए कर्मचारियों में से 80 प्रतिशत डिजिटल एवं एआई कौशल में होंगे दक्ष: अधिकारी

टीसीएस के नए कर्मचारियों में से 80 प्रतिशत डिजिटल एवं एआई कौशल में होंगे दक्ष: अधिकारी

मुंबई, 12 अक्टूबर टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) की मुख्य परिचालन अधिकारी आरती सुब्रमण्यम ने कहा कि भविष्य में कंपनी में भर्ती होने वाले 80 प्रतिशत तक नए कर्मचारी डिजिटल और कृत्रिम मेधा (एआई) में दक्ष होंगे।

देश की सबसे बड़ी सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) सेवा कंपनी के अनुसार, चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में उसके कुल राजस्व में एआई आधारित कामकाज की हिस्सेदारी बढ़कर 10 प्रतिशत हो गई। एआई से होने वाले राजस्व की हिस्सेदारी बढ़ने से कंपनी को अपना लाभ मार्जिन बढ़ाने में मदद मिलेगी, जो अभी उसके निर्धारित महत्वाकांक्षी स्तर से नीचे है।

सुब्रमण्यम ने कहा, ‘‘दूसरी तिमाही में हमने जिन 4,500 लोगों को नियुक्त किया है, उनमें से मेरा मानना है कि 25 से 30 प्रतिशत पूरी तरह एआई कौशल से लैस हैं और कुल मिलाकर करीब 80 प्रतिशत नए दौर की प्रौद्योगिकियों में दक्ष हैं।’’

यह पूछे जाने पर कि क्या आगे भी भर्ती में यही अनुपात बना रहेगा, उन्होंने ‘‘हां’’ में जवाब दिया और कहा कि बाजार में ऐसे कौशल वाले लोग मौजूद हैं।

ऐसे माहौल में अनुभवी पेशेवरों की तुलना में नए कर्मचारियों को फायदा मिलने के सवाल पर सुब्रमण्यम ने कहा कि इसका फायदा उन लोगों को मिलेगा, जो नई चीजें सीखने के लिए तैयार हैं।

कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक के. कृतिवासन ने कहा, ‘‘अगर मध्य स्तर का कोई इंजीनियर सीखने के लिए तैयार है, तो उसे बहुत बड़ा फायदा मिल सकता है क्योंकि वह समझता है कि प्रौद्योगिकी का परिदृश्य कैसा है और संबंधित क्षेत्र की जरूरतें क्या हैं।’’

उन्होंने कहा कि किसी कनिष्ठ इंजीनियर के लिए इन बातों को उसी तरह समझ पाना मुश्किल हो सकता है।

कृतिवासन ने कहा कि कंपनी आगे भी विशिष्ट कौशल वाले लोगों में निवेश जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि विलय एवं अधिग्रहण और साझेदारियां भी निवेश के अन्य प्रमुख क्षेत्र होंगे।

कृतिवासन ने कहा कि एआई से होने वाले राजस्व में वृद्धि का रुझान कंपनी के लाभ मार्जिन के लिहाज से भी मददगार होगा।

जर्मनी की मोटर वाहन विनिर्माता कंपनी पोर्शे और अमेरिकी बहुराष्ट्रीय खुदरा कंपनी बेस्ट बाय के साथ हाल में हुए दो सौदों के बारे में पूछे जाने पर कृतिवासन ने कहा कि इन्हें बाजार में चुनौतियों का संकेत नहीं माना जाना चाहिए। इन सौदों में अनुबंध के साथ ग्राहकों के कर्मचारियों को टीसीएस में शामिल करना भी शामिल है।

उन्होंने कहा, ‘‘ये ऐसे अवसर हैं, जिनमें हमारे ग्राहक हमारे पास आते हैं और हम इस बात पर चर्चा करते हैं कि किस तरह उन्हें बदलाव लाने और एआई को प्राथमिकता देने वाली कंपनियां बनने में मदद कर सकते हैं।’’

सियासी मियार की रीपोर्ट