Sunday , October 18 2026

बोनफिग्लिओली ट्रांसमिशंस के आईपीओ को दूसरे दिन 99 प्रतिशत बोली मिली

बोनफिग्लिओली ट्रांसमिशंस के आईपीओ को दूसरे दिन 99 प्रतिशत बोली मिली

नई दिल्ली, । बोनफिग्लिओली ट्रांसमिशंस लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को शुक्रवार को बोली के दूसरे दिन 99 प्रतिशत अभिदान मिला।

एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, 2,533.80 करोड़ रुपये के इस आईपीओ को बिक्री के लिए पेश किए गए 3,02,82,330 शेयरों के मुकाबले 3,00,27,100 शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुईं।

गैर-संस्थागत निवेशकों (एनआईआई) की श्रेणी में 1.71 गुना, जबकि खुदरा निवेशकों की श्रेणी में 1.16 गुना अभिदान मिला। वहीं, पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) की श्रेणी में 16 प्रतिशत अभिदान मिला।

बोनफिग्लिओली ट्रांसमिशंस लिमिटेड ने बुधवार को एंकर निवेशकों से 759.26 करोड़ रुपये जुटाए थे। इनमें ब्लैकरॉक, गोल्डमैन सैक्स एसेट मैनेजमेंट और अबू धाबी इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी शामिल हैं।

कंपनी का आईपीओ सार्वजनिक अभिदान के लिए 19 अक्टूबर को बंद होगा। इसके लिए प्रति शेयर मूल्य दायरा 558 से 586 रुपये तय किया गया है।

यह आईपीओ पूरी तरह बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित है। इसके तहत प्रवर्तक कंपनी बोनफिग्लिओली एस.पी.ए. अधिकतम 4.32 करोड़ इक्विटी शेयर बेचेगी। इसमें कोई नया शेयर जारी नहीं किया जा रहा है।

इस कारण आईपीओ से प्राप्त होने वाली पूरी राशि बिक्री करने वाले शेयरधारक को मिलेगी और कंपनी को इससे कोई रकम प्राप्त नहीं होगी।

इटली की कंपनी बोनफिग्लिओली एस.पी.ए. की भारतीय अनुषंगी बोनफिग्लिओली ट्रांसमिशंस यांत्रिक और इलेक्ट्रो-मैकेनिकल पावर ट्रांसमिशन उत्पादों तथा औद्योगिक ड्राइव समाधान का विनिर्माण करती है। इसके उत्पादों में गियरबॉक्स, गियर मोटर और ड्राइव सिस्टम शामिल हैं।

कंपनी का शेयर 23 अक्टूबर को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध किए जाने का प्रस्ताव है।

सियासी मियार की रीपोर्ट