Sunday , October 18 2026

ज़ेटवर्क मैन्युफैक्चरिंग के आईपीओ को दूसरे दिन 31 प्रतिशत बोलियां मिलीं

ज़ेटवर्क मैन्युफैक्चरिंग के आईपीओ को दूसरे दिन 31 प्रतिशत बोलियां मिलीं

नई दिल्ली, ज़ेटवर्क मैन्युफैक्चरिंग बिजनेसेज लिमिटेड के 5,012 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को शुक्रवार को बोली के दूसरे दिन 31 प्रतिशत अभिदान मिला।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के आंकड़ों के अनुसार कंपनी के आईपीओ में पेश किए गए 18,50,66,845 शेयरों के मुकाबले 5,74,99,200 शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुईं।

योग्य संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) की श्रेणी में 37 प्रतिशत, खुदरा निवेशकों की श्रेणी में 35 प्रतिशत और गैर-संस्थागत निवेशकों की श्रेणी में 16 प्रतिशत अभिदान मिला।

ज़ेटवर्क मैन्युफैक्चरिंग बिजनेसेज ने बुधवार को एंकर निवेशकों से 2,251.23 करोड़ रुपये जुटाए थे। इनमें ब्लैकरॉक, गोल्डमैन सैक्स और नोमुरा जैसे प्रमुख निवेशक शामिल थे।

कंपनी का आईपीओ 19 अक्टूबर को बंद होगा। इसके लिए प्रति शेयर मूल्य दायरा 143 से 151 रुपये तय किया गया है।

इस निर्गम में 2,830 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि मौजूदा शेयरधारक 14.45 करोड़ शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) करेंगे।

कंपनी नए शेयरों से प्राप्त राशि का इस्तेमाल अपने और सहायक कंपनियों के कर्ज चुकाने, संभावित अधिग्रहणों के वित्तपोषण और सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों को पूरा करने के लिए करेगी।

सियासी मियार की रीपोर्ट