फ्यूजन सीएक्स का शेयर एनएसई पर 5.5 प्रतिशत की बढ़त के साथ सूचीबद्ध

नई दिल्ली, 22 अक्टूबर । कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित ग्राहक अनुभव समाधान देने वाली कंपनी फ्यूजन सीएक्स लिमिटेड का शेयर अपने 289 रुपये के निर्गम मूल्य से पांच प्रतिशत की बढ़त के साथ नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर बृहस्पतिवार को सूचीबद्ध हुआ।
कंपनी का शेयर बीएसई पर 292 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ, जो निर्गम मूल्य से 1.04 प्रतिशत अधिक है। वहीं, एनएसई पर यह 5.54 प्रतिशत की बढ़त के साथ 305 रुपये पर खुला।
सूचीबद्ध होने के बाद कंपनी का बाजार पूंजीकरण एनएसई पर 4,310.60 करोड़ रुपये और बीएसई पर 4,340.19 करोड़ रुपये रहा।
फ्यूजन सीएक्स के 702 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को शुक्रवार को बोली लगाने के अंतिम दिन 4.45 गुना अभिदान मिला था। आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 275 से 289 रुपये प्रति शेयर था।
फ्यूजन सीएक्स नए शेयर से जुटाई गई राशि में से 275 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कंपनी और उसकी अनुषंगी कंपनियों के कुछ बकाया कर्ज चुकाने या समय से पहले कर्ज भुगतान के लिए करेगी। इसके अलावा, 61 करोड़ रुपये अपनी अप्रत्यक्ष अनुषंगी कंपनियों ओमाइंड टेक्नोलॉजीज इंक और ओमाइंड टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड में निवेश किए जाएंगे। शेष राशि का इस्तेमाल अधिग्रहण, अन्य रणनीतिक पहलों और सामान्य कारोबारी जरूरतों के लिए किया जाएगा।
कंपनी दूरसंचार व उपयोगिता सेवाओं, स्वास्थ्य सेवा एवं जीवन विज्ञान, उच्च प्रौद्योगिकी, यात्रा, बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं एवं बीमा (बीएफएसआई) तथा खुदरा कारोबार जैसे क्षेत्रों को सेवाएं देती है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal