राहुल गांधी ने उत्तराखंड में हिमस्खलन में पर्वतारोहियों की मौत पर दुख जताया..

नई दिल्ली, 04 सितंबर । कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उत्तराखंड में हिमस्खलन की घटना में कई लोगों की मौत पर मंगलवार को दुख जताया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
उन्होंने फेसबुक पोस्ट में कहा, ‘‘उत्तराखंड में हिमस्खलन के कारण कई लोगों की मौत की खबर दुखद है। इस घटना में अपने प्रियजन को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। लापता हुए लोगों की शीघ्र वापसी और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित माउंट द्रौपदी का डांडा-द्वितीय शिखर पर मंगलवार को हिमस्खलन में 10 पर्वतारोहियों की मौत हो गई।
नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) के प्राचार्य कर्नल अमित बिष्ट ने बताया कि ‘निम’ के 34 प्रशिक्षु पर्वतारोहियों और सात प्रशिक्षकों की एक टीम वापस आते समय हिमस्खलन में फंस गई। उन्होंने कहा कि 10 शव दिखे हैं, जिनमें से चार को बरामद कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि हिमस्खलन सुबह 8.45 बजे हुआ।
सियासी मियार की रिपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal