बेंगलुरु में सड़क पर गड्ढे के कारण हुई दुर्घटना में घायल महिला की मौत..

बेंगलुरू,। कर्नाटक के बेंगलुरु में एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुई एक महिला की मंगलवार को मौत हो गई। इस दुर्घटना के लिए स्थानीय लोगों ने सड़क पर हुए एक गड्ढे को वजह बताते हुए नगर निगम के अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया है।
बेंगलुरु में सोमवार को एक दुर्घटना में उमादेवी (50) गंभीर रूप से घायल हो गयी थी और यहां राजाजीनगर के ईएसआई अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उन्होंने कल रात दम तोड़ दिया।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने मंगलवार को पुलिस को शिकायत के आधार पर प्रारंभिक जांच करने और उन्हें इस संबंध में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। बोम्मई ने त्वरित कार्रवाई का भी आश्वासन दिया।
बोम्मई ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैंने इस बारे में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है। मैं बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका (बीबीएमपी) के आयुक्त से भी मिला हूं। वहां (गड्ढा) क्या हुआ है और इसकी मरम्मत करना आवश्यक है। मैंने पुलिस से मौत के कारणों की जांच करने, शिकायत प्राप्त करने और वापस रिपोर्ट करने के लिए भी कहा है। रिपोर्ट आने के बाद मैंने अधिकारियों को दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।’’
यह हादसा उस समय हुआ जब उमादेवी और उनकी बेटी सोमवार को सुबह यहां गोपालपुरा के पास स्कूटर से जा रही थीं। जब वे सड़क पर एक गड्ढे से बचने की कोशिश कर रही थीं, तभी राज्य परिवहन निगम की एक बस ने उनके स्कूटर को पीछे से टक्कर मार दी और दोनों महिलाएं दूर जा गिरीं। पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
सियासी मीयार की रिपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal